क्रिकेट

ICC Champions Trophy 2025: जोस बटलर ने वनडे सीरीज के आगाज से पहले चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी को लेकर बड़ा बयान

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच से पहले चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। जानिए इंग्लैंड के कप्तान ने क्या कहा?

Image

जोस बटलर

Photo : AP

नागपुर: इंग्लैंड की टीम भारत के वर्तमान दौर में अभी तक भले ही अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है लेकिन उसके कप्तान जोस बटलर ने बुधवार को इसे चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी के लिहाज से सर्वोत्तम करार दिया क्योंकि यहां की परिस्थितियां पाकिस्तान से काफी मिलती-जुलती हैं जहां टीम टूर्नामेंट के अपने अधिकतर मैच खेलेगी। बटलर का यह भी मानना है कि अनुभवी बल्लेबाज जो रूट भारत के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली वनडे श्रृंखला और उसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इंग्लैंड की टीम भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी जिसमें उसे 1–4 से हार का सामना करना पड़ा था। बटलर को हालांकि विश्वास है कि अब तक 171 वनडे खेल चुके रूट की मौजूदगी में टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। बटलर ने पहले वनडे की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा,'रूट इस खेल के महान खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्होंने सभी प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया है। वह लंबे समय से इंग्लैंड की वनडे टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्हें वनडे क्रिकेट में खेलने का व्यापक अनुभव है जिसका हमारी टीम में कम अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों को भी फायदा मिलेगा। उम्मीद है कि वह आगामी मैचों में टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।'

इंग्लैंड की टीम इस वन डे श्रृंखला से चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी को भी अंतिम रूप देने की कोशिश करेगी जहां उसे अपना पहला मैच 22 फरवरी को लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है। बटलर ने कहा,'जैसा कि किसी भी टूर्नामेंट के लिए तैयारी की जाती है, मुझे लगता है कि भारत से उसके घरेलू मैदानों पर मुकाबला करना हमेशा एक बड़ी चुनौती होती है और जितनी अच्छी तैयारी हो सके उतनी अच्छी होती है। भारत की परिस्थितियों काफी हद तक पाकिस्तान से मिलती-जुलती हैं। प्रत्येक मैदान की अपनी कुछ विशेषता होती है और हम हमेशा परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने का प्रयास करते हैं।'

इंग्लैंड के कप्तान ने इसके साथ ही कहा कि उनकी टीम आक्रामक क्रिकेट खेलना जारी रखेगी। उन्होंने कहा,'हम बल्लेबाजी में विरोधी टीम पर दबाव बनाने के तरीके ढूंढना चाहते हैं। यह अपने रणनीति पर अमल करने से जुड़ा है फिर चाहे आप आक्रामक क्रिकेट खेलते हो या रक्षात्मक।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article