क्रिकेट

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले शुभमन गिल का ऐलान, किया है इस कमजोर पहलू पर काम

भारतीय क्रिकेट टीम के नए उपकप्तान शुभमन गिल ने बताया है कि उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले स्पिनर्स के खिलाफ अपने डिफेंस पर काम किया है। जानिए इस बारे में उन्होंने और क्या कहा?

Image

शुभमन गिल

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • गिल दलीप ट्रॉफी में संभालेंगे इंडिया-ए की कमान
  • स्पिनर्स के खिलाफ अपने डिफेंस पर कर रहे हैं काम
  • हर टूर्नामेंट से सीखना चाहते हैं कप्तानी और खेल के कुछ गुर

बेंगलुरु: शुभमन गिल समझते हैं कि उनका टेस्ट करियर अभी तक उम्मीदों के मुताबिक शिखर पर नहीं पहुंचा है लेकिन बायें हाथ के इस बल्लेबाज को आगामी सत्र में होने वाले पारंपरिक प्रारूप के 10 मुकाबलों में स्पिनरों के खिलाफ अपने डिफेंस में सुधार की उम्मीद है। गिल ने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में करीब 500 रन बनाये हैं जो अभी तक टेस्ट क्रिकेट में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। अब वह 19 सितंबर से बांग्लादेश के खिलाफ शुरू हो रही दो मैचों की श्रृंखला में इसे और बेहतर बनाना चाहते हैं जिसमें उन्हें मेहमान टीम के अनुभवी स्पिनरों से चुनौती मिलेगी।

स्पिनर्स के खिलाफ डिफेंस पर किया है काम

दलीप ट्रॉफी में टीम ए की अगुआई करने वाले गिल ने बुधवार को यहां कहा,'मैंने स्पिनरों के खिलाफ अपने डिफेंस पर थोड़ा और काम किया। जब आप स्पिनरों के खिलाफ ‘टर्निंग’ पिच पर खेल रहे होते हैं तो आपको काफी अच्छा रक्षण करने में सक्षम होना चाहिए क्योंकि फिर आप रन जुटाने वाले शॉट खेल सकते हैं। अभी काफी अधिक टी20 खेले जा रहे हैं तो सपाट ट्रैक नहीं बल्कि बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर मुझे लगता है इससे आपका डिफेंसिव खेल थोड़ा कम हो जाता है। इसलिए इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में मेरा ध्यान इसी पर लगा है।'

टेस्ट क्रिकेट में धमाल नहीं मचा पाए हैं गिल

गिल सफेद गेंद के प्रारूपों में धमाकेदार रहे हैं लेकिन इस 24 साल के खिलाड़ी को टेस्ट प्रारूप में अभी धमाका करना बाकी है और उन्हें जल्द ही इसमें बदलाव की उम्मीद है। उन्होंने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट में मेरा प्रदर्शन अभी तक मेरी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। लेकिन हमें इस सत्र में 10 टेस्ट मैच खेलने हैं और जब मैं इन मुकाबलों के बाद मुड़कर देखूंगा तो आशा करता हूं कि मेरी उम्मीदें पूरी हो जायेंगी।'

सभी टूर्नामेंट से आप चाहते हैं कुछ सीखना

गिल बतौर खिलाड़ी और व्यक्तिगत तौर पर भी परिपक्व होने पर जोर देते हैं। उन्होंने भारत की कप्तानी और इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटन्स की कप्तानी के संदर्भ में बात करते हुए कहा,'आप जिस भी प्रत्येक मैच और प्रत्येक टूर्नामेंट में खेलते हो आप इसमें से कुछ सीख लेना चाहते हो, भले ही आप कप्तान हो या नहीं। लेकिन अगर आप कप्तान हो तो आपको अन्य खिलाड़ियों के बारे में भी जानने को मिलता है। कप्तान के लिए खिलाड़ियों से जुड़ाव होना महत्वपूर्ण है। आपको उनकी मजबूती और कमजोरी के बारे में जानना चाहिए। मेरे अंदर कुछ बदलाव हुए हैं क्योंकि जब आप कप्तान या उप कप्तान होते हो तो आपको अपने खिलाड़ियों से बातचीत करनी होती है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article