क्रिकेट

IND vs ZIM 2nd T20I: ईशान किशन के सिर पर सजा जीत का सेहरा, तो कहा-इस बात की है सबसे ज्यादा खुशी

जिंबाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया की जीत के बाद ईशान किशन ने सबसे अहम भूमिका अदा की। जानिए उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड जीतने के बाद क्या कहा?

Image

इशान किशन

Photo : AP

हरारे: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने हरारे में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में 90 रन के अंतर से जीत दर्ज करके तीन मैच की सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया है। मैच में टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन की 44 गेंद में 81 रन की और उपकप्तान तिलक वर्मा की 29 गेंद में 60 रन की नाबाद पारी की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 219 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए 220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान जिंबाब्वे को 17.5 ओवर में 129 रन पर ढेर करके मैच और सीरीज दोनों अपने नाम कर ली।

नहीं लगा था बनेंगे 200 से ज्यादा रन

टीम की 90 रन के बड़े अंतर से जीत के बाद ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अवार्ड जीतने के बाद ईशान ने कहा, ज़ाहिर है, जब आप अपनी टीम के लिए रन बनाते हैं और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने और जीत में भूमिका अदा करते हैं तो अच्छा लगता है। मैं टीम की ओवरऑल परफॉर्मेंस से बहुत खुश हूं। आज हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। सच कहूं तो, मुझे नहीं लगा कि यह उस तरह का विकेट था जहां 200 से ज़्यादा का स्कोर खड़ा कर सकते थे। हमें लगा था कि 180 रन के आसपास स्कोर अच्छा होगा क्योंकि कुछ गेंदों पर अलग-अलग उछाल था। ऐसी स्थिति में हम जानते थे कि पार्टनरशिप बहुत अहम होने वाली हैं। लेकिन नंबर तीन बैटर के रूप में जब आप एक बार सेट हो जाते हैं, तो आप इसका फायदा उठाकर अधिक रन बनाना चाहते हैं ताकि आपकी टीम आज जैसा स्कोर खड़ा कर सके।

शुरुआती झटकों का नहीं पड़ा असर

ईशान ने शुरुआत में जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने के बारे में कहा, बल्लेबाजी करते वक्त आप उन विकेटों के बारे में नहीं सोचते जो पहले ही गिर चुके हैं। जो बीत गया सो बीत गया। आप बस बॉल को देखते रहते हैं। आपको अपनी ताकत पता है, आपको पता है कि आप कहां रन बना सकते हैं और किन बॉलर्स को टारगेट कर सकते हैं। मैंने चीजों को बहुत सामान्य रखा और बस खुद पर भरोसा किया कि मैं अपने शॉट्स ग्राउंड के चारों ओर खेलूं।'

शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं भारतीय तेज गेंदबाज

भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाजों के बारे में ईशान ने कहा, मैं उन्हें अच्छा करते हुए देखकर बहुत खुश हूं, खासकर मयंक यादव, यश ठाकुर और अन्य सभी को। प्रिंस भी कुछ मैच खेल चुके हैं वे सभी फील्ड पर बहुत एनर्जी लाते हैं। यह सिर्फ इस बारे में नहीं है कि वे कैसे बॉलिंग कर रहे हैं। उन सभी ने बहुत मेहनत की है और उनमें से हर एक की सफलता के पीछे एक शानदार कहानी है, उन्होंने फील्ड में भी शानदार योगदान दिया है। उनका आस-पास होना बहुत अच्छा है, और जिस तरह से वे बॉलिंग कर रहे हैं, मुझे लगता है कि वे अपना नाम और बड़ा करने जा रहे हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article