क्रिकेट

EXPLAINED: 5 मैचों में 4 हार के बाद क्या IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंच पाएगी मुंबई इंडियंस, यहां जानिए समीकरण

MI Playoffs Qualification Scenario IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन कुछ टीमों के लिए जहां शानदार साबित होता नजर आ रहा है, वहीं मुंबई इंडियंस के लिए अब तक टूर्नामेंट बेहद खराब साबित हुआ है। अब पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्हें सीजन की चौथी हार का सामना करना पड़ा है। ऐसी स्थिति में क्या वे प्लेऑफ राउंड में जगह बना पाएंगे, यहां जानिए समीकरण।

Image

अब आईपीएल 2026 प्लेऑफ में कैसे पहुंचेगी मुंबई इंडियंस

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026
  • मुंबई को पंजाब के खिलाफ मिली करारी हार
  • 5 मैचों में 4 हार के बाद प्लेऑफ में कैसे जाएगी मुंबई इंडियंस?

MI IPL 2026 Playoffs Qualification Scenario: आईपीएल 2026 में एक बार फिर 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) उसी चक्रव्यूह में फंस गई है जिसमें वो पिछले कुछ आईपीएल सत्रों में कई बार फंस चुकी है। एक बार फिर मुंबई पलटन का आईपीएल में पहला चरण बेहद खराब जा रहा है। गुरूवार को खेले गए एक अहम मैच में पिछले साल की फाइनलिस्ट टीम पंजाब किंग्स के खिलाफ क्विंटन डी कॉक के शतक और बड़े स्कोर के बावजूद मुंबई इंडियंस जीत नहीं सकी और अब वो 5 मैचों में 4 मैच गंवा चुकी है।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज करते हुए पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 में लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा है जिसके साथ वो आईपीएल 2026 अंक तालिका में सबसे नीचे खिसक गई है।अब सभी फैंस के मन में सवाल होगा कि क्या मुंबई इंडियंस अंक तालिका में 9वें स्थान पर रहने के बावजूद अगले राउंड यानी प्लेऑफ में जगह बना पाएगी या नहीं।

अब मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए क्या करना होगा?

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के 5 मैचों में 2 अंक हैं, उसने अब तक सिर्फ केकेआर (कोलकाता नाइट राइडर्स) के खिलाफ एक जीत दर्ज की है। पिछले कई सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जादुई आंकड़ा 16 अंक का रहा है। ऐसे में, मुंबई इंडियंस को आईपीएल के लीग स्टेज में बाकी बचे अपने 9 मैचों में 14 और अंक हासिल करने होंगे। जिसका मतलब साफ है कि उन्हें ग्रुप चरण सफलतापूर्वक खत्म करने के लिए अपने बाकी 9 मुकाबलों में से 7 मैच जीतने ही होंगे।

मुंबई और पंजाब के बीच आईपीएल मैच में क्या हुआ?

मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 24वें मैच में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम ने शुरुआती दो विकेट 12 रन के अंदर गंवाने के बावजूद क्विंटन डी कॉक (60 गेंदों में नाबाद 112) के आक्रामक शतक और नमन धीर (50 रन) की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए।

जवाब में उतरी पंजाब किंग्स के सामने 196 रनों का बड़ा टारगेट था। लेकिन प्रभसिमरन सिंह की 39 गेंदों में नाबाद 80 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर की 35 गेंदों में 66 रनों की शानदार पारियों के बदौलत उन्होंने 16.3 ओवर में ही सिर्फ 3 विकेट गंवाते हुए मुंबई को उसी के घर में 7 विकेट से मात दे दी और पोइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article