क्रिकेट

EXPLAINED: आज हो जाएगा फैसला, जानिए कैसे प्लेऑफ में पहुंचेगी पंजाब किंग्स, किसके हाथ में है चाबी

पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 7 विकेट के अंतर से जीत के बाद अपने प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को जिंदा रखा है। आइए जानते हैं पंजाब किंग्स की कैसे हो सकती है प्लेऑफ में एंट्री? कैसे होगा उसके भाग्य का फैसला और किसके हाथ में है प्लेऑफ में एंट्री की चाबी, समझिए पूरा गणित।

Image

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

IPL 2026 Playoffs Equation: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का लीग दौर अपने आखिरी पड़ाव में पहुंच गया है लेकिन प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम के नाम का फैसला नहीं हुआ है। शनिवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर के कप्तानी शतक(101*) की लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट के अंतर से पटखनी देकर अंक तालिका में चौथे पायदान पर कब्जा कर लिया है। पंजाब किंग्स के खाते में 14 मैच में 7 जीत, 6 हार और एक रद्द मुकाबले के साथ 15 अंक हो गए हैं। उसका नेट रन रेट 0.309 का हो गया है। लगातार छह मैच में हार के बाद जीत दर्ज करने वाली पंजाब किंग्स की किस्मत की चाबी राजस्थान रॉयल्स-मुंबई इंडियन्स और कोलकाता नाईट राइडर्स-दिल्ली कैपिटल्स के बीच भिड़ंत खेले जाने वाले मुकाबलों पर निर्भर हो गई है।

राजस्थान की हार की करनी होगी दुआ

पंजाब किंग्स को प्लेऑफ में एंट्री के लिए सबसे पहले मुंबई इंडियन्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की हार की दुआ करनी होगी। राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियन्स के खिलाफ जीत सीधे तौर पर पंजाब और कोलकाता दोनों के लिए प्लेऑफ के दरवाजे बंद हो जाएंगे। राजस्थान सीजन के खाते में आठवीं जीत के साथ 16 अंक हो जाएंगे। पंजाब 15 अंक तक पहुंच चुकी है। केकेआर अगर अपने आखिरी मुकाबला जीतने में सफल होती है तो भी वो अधिकतम 15 अंक तक पहुंच सकेगी। ऐसे में 69वें मैच में ही प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीम का फैसला हो जाएगा। लीग दौर का कोलकाता और दिल्ली के बीच मुकाबला महज औपचारिकता रह जाएगा।

केकेआर से जीतनी होगी नेट रन रेट की बाजी

वानखेड़े स्टेडियम में अगर मुंबई इंडियन्स राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत दर्ज करने में सफल हुई तो पंजाब किंग्स और कोलकाता नाईट राइडर्स दोनों के लिए प्लेऑफ के दरवाजे खुल जाएंगे। पंजाब को पछाड़कर प्लेऑफ में एंट्री के लिए केकेआर को दिल्ली को बड़े अंतर से मात देनी होगी। कोलकाता नाईट राइडर्स अगर पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाती है तो उसे पंजाब किंग्स को नेट रन रेट के मामले में पछाड़ने के लिए दिल्ली को 77 रन के अंतर से मात देनी होगी। अगर केकेआर लक्ष्य का पीछा करेगी तो उसे 180 रन के आस-पास के लक्ष्य को 12 से 12.4 ओवर में हासिल करना होगा। अगर केकेआर ऐसा नहीं कर पाती है और राजस्थान अपना मैच गंवा देती है तो पंजाब की टीम प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article