अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को कहा कि अगले साल होने वाले एकदिवसीय विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 10 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले के टिकटों के लिए अब तक एक लाख से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया 2027 वनडे विश्व कप की मेजबानी करेंगे। टूर्नामेंट दो अक्टूबर से 21 नवंबर तक खेला जाएगा। बीते एक अक्टूबर को टिकटों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब तक 3.20 लाख से ज्यादा प्रशंसक टिकट के लिए आवेदन कर चुके हैं।
आईसीसी की वेबसाइट के मुताबिक, ’’ भारत-पाकिस्तान मुकाबले के टिकटों के लिए सबसे ज्यादा मांग है और इसके लिए एक लाख से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका-भारत मैच के लिए 86 हजार से ज्यादा और भारत-ऑस्ट्रेलिया मुकाबले के लिए 80 हजार से ज्यादा आवेदन आए हैं।’’
सात नवंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान के सुपर-7 मुकाबले के लिए अब तक करीब 75 हजार आवेदन मिल चुके हैं। यह मांग के मामले में चौथे स्थान पर है।
जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में होने वाले विश्व कप फाइनल के लिए भी करीब 65 हजार आवेदन आ चुके हैं।
आईसीसी के अनुसार, ’’टिकटों की कीमत 9.62 डॉलर (लगभग 930 रुपये) से शुरू होकर सबसे महंगी श्रेणी के लिए 31.31 डॉलर (लगभग 3018 रुपये) तक है। परिवारों के लिए पैकेज, छात्रों और पेंशनभोगियों के लिए विशेष कीमत, स्थानीय लोगों के लिए शुरुआती टिकट और स्कूल-क्लब समूहों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है।’’ आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संजोग गुप्ता ने कहा, ’’ टिकट आवेदन शुरू होने के महज 48 घंटे से कुछ अधिक समय में इतनी बड़ी संख्या में आवेदन मिलना विश्व कप की लोकप्रियता को दिखाता है।’’
उन्होंने कहा, ’’ आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट अब सिर्फ खेल आयोजन नहीं रह गए हैं, बल्कि वे अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोगों को जोड़ने वाले बड़े मंच बन चुके हैं।’’ उन्होंने कहा, ’’करीब दो दशक बाद अफ्रीकी महाद्वीप में आईसीसी का कोई बड़ा पुरुष क्रिकेट आयोजन लौट रहा है, ऐसे में यह अफ्रीका के लिए खास मौका है। इस टूर्नामेंट की नजर दुनिया के 120 से ज्यादा देशों के करीब 2.5 अरब क्रिकेट प्रशंसकों पर होगी। टिकटों के लिए आवेदन करने और पसंदीदा मैच चुनने की प्रक्रिया 21 नवंबर तक आईसीसी की वेबसाइट पर जारी रहेगी।
