क्रिकेट

अफगानिस्तान के लिए हशमतउल्लाह शाहीदी ने जड़ा ODI में दूसरा सबसे धीमा शतक, तोड़ा नासिर हुसैन का भी रिकॉर्ड

अफगानिस्तान के वनडे टीम के कप्तान हशमतउल्लाह शाहीदी का एकदिवसीय क्रिकेट में शतक का 4644 दिन लंबा इंतजार आखिरकार भारत के खिलाफ चेन्नई में खत्म हो गया। लेकिन वो अफगानिस्तान के लिए वनडे में दूसरा सबसे धीमा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज भी बन गए।

Image

हशमतउल्लाह शाहीदी

Photo : AP

चेन्नई: अफगानिस्तान के कप्तान हशमतउल्लाह शाहीदी ने शनिवार को टीम इंडिया के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में टीम के लिए संकटमोचक की भूमिका अदा करते हुए शानदार शतक जड़ दिया। अफगानिस्तान ने टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों ने प्रसिद्ध कृष्णा की कहर बरपाती गेंदबाजी के सामने घुटने टेक दिए थे। 36 रन पर अफगानिस्तान के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में कप्तान शाहीदी ने अजमतउल्लाह उमरजई के साथ मोर्चा संभाला और टीम को मुश्किल से उबराते हुए अपने करियर का पहला शतक जड़ा। उनकी शतकीय पारी की बदौलत अफगानिस्तान की टीम 44.2 ओवर में 218 रन बनाकर ढेर हो गई। शाहीदी को प्रसिद्ध कृष्णा ने श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेजा। उनके आउट होते ही अफगानिस्तान की पारी समाप्त हो गई।

जड़ा अफगानिस्तान के लिए दूसरा सबसे धीमा वनडे शतक

हशमतउल्लाह शाहीदी ने वनडे करियर का अपना पहला शतक 128 गेंद में 13 चौके और एक छक्के के साथ पूरा किया। शाहीदी अफगानिस्तान के लिए दूसरा सबसे धीमा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। वनडे में अफगानिस्तान के लिए सबसे धामी शतक जड़ने का रिकॉर्ड इब्राहिम जादरान के नाम दर्ज है। जादरान ने साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 131 गेंद में शतक जड़ा था। इसके अलावा उस्मान घनी, रहमत शाह और सादिकुल्लाह अटल 125-125 गेंद में शतक जड़ चुके हैं। तीनों इस सूची में तीसरे पायदान पर काबिज हैं।

पहले शतक के लिए सबसे लंबा इंतजार

हशमतउल्लाह शाहीदी वनडे क्रिकेट इतिहास में डेब्यू के बाद सबसे ज्यादा अंतराल में पहला शतक जड़ने के मामले में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। साल 2013 में वनडे डेब्यू करने वाले शाहीदी को पहले वनडे शतक के लिए 4644 दिन लंबा इंतजार करना पड़ा। उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड के खिलाफ नासिर हुसैन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। नासिर ने 1989 में डेब्यू करने के बाद साल 2003 में अपना पहले वनडे शतक जड़ा था। पहले वनडे शतक के लिए उन्होंने 4639 दिन इंतजार किया। इस सूची में पहले पायदान पर जिंबाब्वे के रेगिस चकाबा हैं जिन्होंने डेब्यू के 5040 दिन बाद वनडे में अपना पहला शतक जड़ा था। इस सूची में दूसरे पायदान पर भारत के सुनील गावस्कर हैं जिन्होंने साल 1974 में वनडे डेब्यू किया और साल 1987 में उनके बल्ले से पहला वनडे शतक निकला। इसके लिए उन्हें 4858 दिन इंतजार करना पड़ा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article