क्रिकेट

'हमारा कोई लेना-देना नहीं,' पाकिस्तानी खिलाड़ी पर इंग्लैंड कप्तान का बड़ा बयान, द हंड्रेड का है मामला

'द हंड्रेड' की लंदन में होने वाली नीलामी के लिए पाकिस्तान के 67 मेंस और महिला क्रिकेटरों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें मेंस टी20 विश्व कप में खेल रहे उसके लगभग सभी खिलाड़ी शामिल हैं। 'द हंड्रेड' का आगामी सत्र 21 जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगा, जबकि खिलाड़ियों की नीलामी 11 और 12 मार्च को होगी। इससे पहले इंग्लैंड के टी20 टीम के कप्तान हैरी ब्रूक का बड़ा बयान आया है।

Image

हैरी ब्रूक- फोटो- ICC/AP

पल्लेकेले, भाषा। इंग्लैंड के सीमित ओवरों की टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने शनिवार को कहा कि अगर पाकिस्तानी क्रिकेटरों को 'द हंड्रेड' से बाहर रखा जाता है तो यह 'शर्मनाक' होगा।

कुछ रिपोर्ट के अनुसार 'द हंड्रेड' में भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के कारण भारत में संभावित राजनीतिक प्रतिक्रिया की आशंकाओं के चलते नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेने से परहेज कर सकती हैं।

'हमारा लेना-देना नहीं'

भारतीय स्वामित्व वाली सनराइजर्स लीड्स से अनुबंध हासिल करने वाले ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप के सुपर-8 मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'अभी हमारा मुख्य ध्यान टी20 विश्व कप पर है। ईमानदारी से कहूं तो इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास का महत्वपूर्ण देश रहा है। मुझे लगता है कि नीलामी में उसके लगभग 50-60 खिलाड़ी होंगे और उनमें से कुछ को वहां न देखना शर्मनाक होगा।'

21 जुलाई से 16 अगस्त तक खेला जाएग टूर्नामेंट

'द हंड्रेड' की लंदन में होने वाली नीलामी के लिए पाकिस्तान के 67 मेंस और महिला क्रिकेटरों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें मेंस टी20 विश्व कप में खेल रहे उसके लगभग सभी खिलाड़ी शामिल हैं। मोहम्मद आमिर, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान और हारिस रऊफ सहित कई पाकिस्तानी खिलाड़ी पहले 'द हंड्रेड' में खेल चुके हैं। 'द हंड्रेड' का आगामी सत्र 21 जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगा, जबकि खिलाड़ियों की नीलामी 11 और 12 मार्च को होगी।

आईपीएल में नहीं है भागेदारी

पाकिस्तान का कोई भी खिलाड़ी नवंबर 2008 के आतंकी हमले के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में नहीं खेला है। एसए20 के 2023 में शुरू होने के बाद कोई भी पाकिस्तानी क्रिकेटर उसका हिस्सा नहीं रहा। इस टूर्नामेंट की सभी छह फ्रेंचाइजी का स्वामित्व भारतीयों के पास है।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं मिला अनुबंध

इसी तरह से यूएई के आईएलटी20 में एमआई लंदन और सदर्न ब्रेव के मालिकों के स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी ने चार सत्र में एक भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को अनुबंधित नहीं किया है। ब्रूक ने कहा, 'उनके पास कुछ बेहतरीन क्रिकेटर हैं और वे बड़ी संख्या में दर्शकों को भी आकर्षित करते हैं। इसलिए पाकिस्तान के कुछ खिलाड़ियों को वहां न देखना शर्म की बात होगी, क्योंकि उनकी मौजूदगी से प्रतियोगिता और भी बेहतर हो जाएगी।'

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article