ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम ने शनिवार को, एडिलेड ओवल में तीसरे टी20I मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। फील्डिंग के लिए मैदान पर उतरते ही एलिस पेरी ने इतिहास रच दिया।
एलिस पेरी के 19 साल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह सभी प्रारूपों में ऑस्ट्रेलिया के लिए 350 मैच खेलने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गईं। पेरी भारत के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का 350वां मैच खेलने उतरीं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एलिस पेरी सर्वाधिक मैच खेलने वाली कुल तीसरी खिलाड़ी बनीं। पेरी से आगे भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (357 मैच) और न्यूजीलैंड की सूजी वेट्स (355 मैच) हैं।
एलिस पेरी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 14 टेस्ट मैच में 930 रन और 39 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, 165 वनडे मैच में 4504 रन और 166 विकेट हासिल किए हैं। ऑलराउंडर पेरी ने 170 टी20I मैच में 2200 रन और 126 विकेट लिए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 7634 रन और 331 विकेट दर्ज हैं।
एलिस पेरी के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक मैच खेलने वाली खिलाड़ियों में एलिसा हीली (295) और पूर्व उप-कप्तान एलेक्स ब्लैकवेल (252) हैं। इनमें से अनुभवी खिलाड़ी एलिसा हीली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया है और अगले महीने भारत के खिलाफ होने वाले डे-नाइट टेस्ट के बाद क्रिकेट से भी संन्यास ले लेंगी।
35 वर्षीय एलिस पेरी अगले साल यूनाइटेड किंगडम में होने वाली एशेज के दौरान अपना 400वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल सकती हैं। इसके अलावा, पेरी 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भी हिस्सा ले सकते हैं। एलिस पेरी दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर हैं जो इंटरनेशनल क्रिकेट में 300 विकेट और 5 हजार रन बनाने का कमाल किया है।
एलिस पेरी ने 2007 में 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। भारत में हुए 2013 वनडे विश्व कप तक पेरी नियमित रूप से ऑस्ट्रेलिया के लिए नई गेंद से गेंदबाजी करती थीं और अक्सर नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करती थीं। हालांकि, कुछ सालों के बाद वह नंबर तीन की बल्लेबाज गईं और अपने करियर के पहले 14 साल तक नई गेंद से गेंदबाजी करती रहीं। अब उन्होंने यह जिम्मेदारी अन्य गेंदबाजों को सौंप दी है।