एंटिगा: टीम इंडिया के उपकप्तान हार्दिक पांड्या ने टी20 विश्व कप में शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ सुपर-8 दौर के मुकाबले में धमाकेदार अर्धशतक जड़ा। हार्दिक की अर्धशतकीय पारी की बदौलत टीम इंडिया को 5 विकेट पर 196 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। हार्दिक ने भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर चौके की मदद से अपना अर्धशतक 27 गेंद पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। यह हार्दिक पांड्या का टी20 विश्व कप करियर का दूसरा अर्धशतक है।
दुबे के साथ की अर्धशतकीय साझेदारी
हार्दिक पांड्या ऋषभ पंत के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे। उस वक्त भारतीय टीम का स्कोर 11.4 ओवर में 4 विकेट पर 108 रन था। ऐसे में उन्होंने शिवम दुबे के साथ पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 33 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। शिवम 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर 34(24) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन हार्दिक उसके बाद भी मोर्चा अंत तक संभाले रहे और टीम को 196/5 के स्कोर तक पहुंचाने के बाद नाबाद पवेलियन वापस लौटे।
शानदार रहा है मौजूदा विश्व कप में प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या का आईपीएल 2024 में खराब प्रदर्शन रहा था। लेकिन विश्व कप में भारतीय टीम की जर्सी पहनते ही उनके खेल का अंदाज बदल गया। उनके नाम विश्व कप में बल्ले के साथ 5 मैच की 3 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 44.50 के औसत और 141.26 के स्ट्राइक रेट से 89 रन बनाए हैं। वो भारत के चौथे सबसे सफल बल्लेबाज हैं। सुपर-8 राउंड में उन्होंने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ 32 रन की पारी खेली थी। इससे पहले उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी का मौका मिला था जिसमें वो 7 रन बना सके थे। लेकिन अब बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक जड़ दिया है।
गेंदबाजी में मचाया है धमाल
इसी दौरान गेंदबाजी करते हुए हार्दिक ने 7 विकेट बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से पहले अपने नाम किए हैं। आयरलैंड के खिलाफ हार्दिक ने 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 24 रन देकर 2 और अमेरिका के खिलाफ 14 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए थे।
