क्रिकेट

T20 World Cup: हार्दिक पांड्या बने टी20 विश्व कप में डबल धमाल करने वाले पहले भारतीय

हार्दिक पांड्या ने बांग्लादेश के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 राउंड के मुकाबले में वो कारनामा कर दिखाया जो उनसे पहले और कोई भारतीय नहीं कर पाया।

Image

हार्दिक पांड्या

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • हार्दिक पांड्या ने बांग्लादेश के खिलाफ खेली 27 गेंद में 50 रन की पारी
  • टी20 विश्व कप में पार किया 300 रन और 20 विकेट का आंकड़ा
  • बने इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज

भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान हार्दिक पांड्या टी20 विश्व कप के मौजूदा संस्करण में गेंद और बल्ले दोनों के साथ धमाल मचा रहे हैं। हार्दिक पांड्या की वापसी से टीम को संतुलन मिला है। हार्दिक ने विश्व कप के लीग दौर में न्यूयॉर्क की तेज तर्रार पिच पर अपनी गेंदबाजी का जौहर दिखाया। इसके बाद सुपर-8 राउंड के लिए विंडीज की धरती पर कदम रखते ही उनका बल्ला रन उगलने लगा है। इसी क्रम में बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार को खेले गए मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने 27 गेंद में 50 रन की आतिशी पारी के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।

विश्व कप में 300 से ज्यादा रन और 20 से ज्यादा विकेट

हार्दिक पांड्या टी20 विश्व कप में भारत के लिए 300 से ज्यादा रन और 20 से ज्यादा विकेट चटकाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। हार्दिक के नाम टी20 विश्व कप में 21 मैच की 13 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 27.45 के औसत और 137.89 के स्ट्राइक रेट से 302 रन बनाए हैं। जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। इसी दौरान उन्होंने 21 मैच की 18 पारियों में 20.57 के औसत और 8.30 की इकोनॉमी के साथ 21 विकेट अपने नाम किए हैं। 27 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

छठे नंबर पर विश्व कप में अर्धशतक जड़ने वाले पहले भारतीय

हार्दिक पांड्या ने बांग्लादेश के खिलाफ छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक 27 गेंद में पारी की आखिरी गेंद पर पूरा किया। इसके साथ ही हार्दिक टी20 विश्व कप इतिहास में छठे पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। विश्व कप के इससे पहले खेले गए 8 संस्करणों में कोई भी भारतीय प्लेयर ऐसा नहीं कर सका।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article