Tiger Shroff Firing : अभिनेता टाइगर श्राफ पर फायरिंग मामले की जांच में जुटी मुंबई पुलिस को पहली कामयाबी मिली है। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल बाइक को बरामद कर लिया है। यह बाइक अंधेरी स्टेशन के पास से बरामद हुई है। आरोपी बाइक यहां छोड़कर फरार हो गए। सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग करने के बाद आरोपी अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। जहां उन्होंने बाइक लावारिस छोड़ दी। पुलिस मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर के आधार पर उसके पुराने रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मुंबई पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
महाराष्ट्र से बाहर जाने वाली ट्रेनों पर भी नजर
पुलिस ने रेलवे और जीआरपी से भी मदद मांगी है। रेलवे के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। महाराष्ट्र से बाहर जाने वाली ट्रेनों पर भी नजर रखी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने टाइगर और उनके कार चालक का बयान दर्ज किया है। टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले के बाद सलमान खान के घर के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
BMW पर पांच राउंड फायरिंग, दो लोग घायल
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई। इस घटना में अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया गया है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
वहीं, गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने लेने का दावा किया है। अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई नाम के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया गया, जिसमें टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ को पहले फोन करके समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन बात नहीं मानने पर उन पर हमला किया गया। पोस्ट में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के उन लोगों को भी धमकी दी गई, जो उनकी बात नहीं सुनेंगे या सलमान खान के साथ काम करेंगे। पोस्ट में आगे और लोगों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता और गैंग से इसके संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सीएम फडणवीस ने अभिनेता से बात की
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और अभिनेता से बात की। फडणवीस ने पुलिस आयुक्त देवेन भारती से घटना की जानकारी मांगी और उनसे कहा कि वे हमलावरों को जल्द पकड़ें, जांच में तेजी लाएं और इसके लिये जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने श्रॉफ से फोन पर बात की और उन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने दावा किया कि आरोपी को जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा और श्रॉफ से कहा कि वे चिंता न करें।
