क्रिकेट

India Tour of Australia 2025: रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाए जाने के फैसले पर हरभजन सिंह ने जताई हैरानी, कहा...

टीम इंडिया के पूर्व स्टार स्पिनर हरभजन सिंह ने रोहित शर्मा को वनडे टीम की कप्तानी से हटाए जाने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट ANI)

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने रोहित शर्मा को वनडे टीम की कप्तानी से हटाए जाने पर हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि साल के शुरू में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने के बाद वह ऑस्ट्रेलिया में टीम की कमान संभालने के हकदार थे। भारतीय चयनकर्ताओं ने शनिवार को 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को वनडे कप्तानी सौंप दी। लेकिन हरभजन का मानना है कि रोहित थोड़े और समय तक कप्तान बने रह सकते थे।

रोहित को कप्तानी से हटाना चौंकाने वाला फैसला

हरभजन ने ‘जियोहॉटस्टार’ से कहा,'शुभमन गिल को बधाई। निश्चित रूप से वह टेस्ट क्रिकेट में टीम का अच्छा नेतृत्व कर रहे हैं और अब उन्हें एक और जिम्मेदारी दी गई है, वनडे टीम की भी कप्तानी। रोहित की जगह शुभमन को कप्तान बनाया गया है। रोहित ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका सफेद गेंद वाले क्रिकेट में बहुत अच्छा रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा,'रोहित को कप्तान नहीं देखना मेरे लिए थोड़ा चौंकाने वाला है। अगर आप रोहित शर्मा को चुन रहे हैं तो उन्हें कप्तान बनाएं क्योंकि उन्होंने हाल में आपको आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी दिलाई है। रोहित सफेद गेंद के प्रारूपों में भारतीय क्रिकेट के स्तंभों में से एक रहे हैं। मुझे लगता है कि उन्हें कम से कम इस दौरे पर तो मौका मिलना चाहिए था। अगर चयनकर्ता 2027 के वनडे विश्व कप के बारे में सोच रहे हैं, तो वह अभी बहुत दूर है।'

गिल को कप्तान बनाने के लिए किया जा सकता था इंतजार

ऑस्ट्रेलिया में वनडे मैच 19 से 25 अक्टूबर के बीच सिडनी, एडिलेड और मेलबर्न में खेले जाने हैं और उसके बाद पांच मैचों की टी20 श्रृंखला खेली जाएगी। हरभजन 2011 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि चयनकर्ता गिल को वनडे कप्तानी देने से पहले एक और साल इंतजार कर सकते थे। उन्होंने कहा,'शुभमन के पास वनडे कप्तान की भूमिका में ढलने के लिए अभी बहुत समय है। मैं शुभमन के लिए खुश हूं, उन्हें यह मौका मिला है लेकिन इसमें थोड़ी देरी हो सकती थी। इस पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले उन्हें छह से आठ महीने या एक साल भी इंतजार कराया जा सकता था। मैं शुभमन के लिए खुश हूं, लेकिन साथ ही रोहित शर्मा के कप्तान नहीं होने से थोड़ा निराश भी हूं।'

अद्भुत खिलाड़ी रहे हैं रोहित शर्मा

रोहित सीमित ओवरों के प्रारूपों में भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक रहे हैं जिन्होंने टीम को दो आईसीसी खिताब दिलाए और घरेलू मैदान पर टीम को 2023 विश्व कप में उपविजेता बनाया और साथ ही सर्वकालिक महान खिलाड़ी के रूप में अपनी जगह पक्की की। रोहित (38 वर्ष) की आगामी भूमिका के बारे में हरभजन ने कहा,'अगर आप रोहित के एकदिवसीय रिकॉर्ड को देखें तो उनका औसत लगभग 50 के आसपास है। यह दर्शाता है कि वह कितने निरंतर रहे हैं और एक सलामी बल्लेबाज के रूप में वह क्या योगदान देते हैं। भारत के लिए खेलने की बात आती है तो उनके प्रदर्शन और उनके दृष्टिकोण पर कोई संदेह नहीं है। वह एक अद्भुत खिलाड़ी रहे हैं और इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। वह हमेशा की तरह बल्लेबाजी करते रहेंगे और टीम में नेतृत्व करते रहेंगे, चाहे वह कप्तान हों या नहीं। वह शुभमन या किसी और को जरूरत पड़ने पर सलाह देते रहेंगे।'

अपनी बल्लेबाजी का रोहित नहीं बदलेंगे रवैया

उन्होंने कहा,'एक बल्लेबाज के तौर पर रोहित अपना रवैया नहीं बदलेंगे। वह हमेशा की तरह निर्भीक बने रहेंगे और विराट कोहली भी। ये दोनों शीर्ष खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाते रहेंगे और हम सभी उन्हें टीम इंडिया के लिए मैच जीतते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article