क्रिकेट

IPL 2023: हरभजन सिंह ने आईपीएल के शुरू होने से पहले कर दी भविष्यवाणी, इस खिलाड़ी को बताया एक्स फेक्टर

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 13, 2023, 06:41 PM IST

Chennai Super Kings in IPL 2023: फटाफट क्रिकेट का रोमांच 31 मार्च से शुरू होगा। टूर्नामेंट के ओपनिंग मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस से होगा। आईपीएल के शुरू होने से पहले भारत और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने एक्स फेक्टर खिलाड़ी को लेकर भविष्यवाणी की।

Image

हरभजन सिंह और सीएसके के खिलाड़ी। (Instagram)

Chennai Super Kings in IPL 2023: भारत और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह का मानना है कि स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा आईपीएल के आगामी टूर्नामेंट में चार बार के चैंपियन सीएसके के लिए एक्स फेक्टर होंगे। घुटने की सर्जरी के कारण कई महीने बाहर रहने के बाद रवींद्र जडेजा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सफल वापसी की और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट की बोर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारत की 2-1 की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जडेजा को पिछले सत्र में मिली थी जिम्मेदारी

पिछले साल उतार-चढ़ाव वाले सत्र के बाद ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से एक बार फिर टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है। कई वर्षों तक टीम की कमान संभालने के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने जब कप्तानी छोड़ी तो जडेजा को पिछले सत्र में यह जिम्मेदारी सौंपी गई। 2012 से सीएसके का हिस्सा रहे जडेजा हालांकि कप्तान के रूप में प्रभावित नहीं कर पाए। टीम ने अपने शुरुआती आठ में से छह मैच गंवाए, जिसके बाद रवींद्र जडेजा ने पद छोड़ दिया और धोनी ने एक बार फिर कप्तानी संभाली। धोनी 2023 सत्र में भी कप्तान की भूमिका में होंगे। आईपीएल 2023 की शुरुआत 31 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स और डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबले के साथ होगी।

सभी को रखनी चाहिए नजर

हरभजन ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘एक व्यक्ति जिस पर सभी को नजर रखनी चाहिए, वह रविंद्र जडेजा हैं। खासकर वह सीएसके के लिए कैसे बल्लेबाजी करते हैं। उसे बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा जा सकता है और वह चार ओवर भी फेंकेगा। अगर आप इसे वर्ल्ड क्रिकेट के नजरिए से देखें तो मुझे नहीं लगता कि उनसे बेहतर कोई ऑलराउंडर है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं आईपीएल में जडेजा को देखने का इंतजार कर रहा हूं। मेरे लिए एक्स फेक्टर रविंद्र जडेजा होंगे, क्योंकि वह एक गेंदबाज और एक बल्लेबाज के रूप में इन परिस्थितियों में काफी सफल रहे हैं। वह इतने वर्षों से वहां खेल रहे हैं। इसलिए मेरे लिए वह निश्चित रूप से टीम के लिए एक्स फेक्टर बनने जा रहे हैं।’

टीम की सबसे बड़ी ताकत धोनी

हरभजन ने कहा, ‘इस टीम की सबसे बड़ी ताकत महेंद्र सिंह धोनी हैं। वह टीम का दिल हैं। वह टीम को बहुत अच्छी तरह से जानते हैं और वह शायद सबसे अच्छे व्यक्ति हैं, जो टीम के प्रत्येक खिलाड़ी से सबसे अधिक योगदान ले सकते हैं।’ उनके अनुसार टीम के लिए बेन स्टोक्स, मोईन अली और डेवोन कॉन्वे और महेश तीक्ष्णा जैसे खिलाड़ी आईपीएल 2023 में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इन विदेशी खिलाड़ियों को टीम में मौका

हरभजन ने कहा, ‘सबसे पहले मैं बेन स्टोक्स, मोईन अली का चयन करूंगा। इसके अलावा कॉन्वे निश्चित रूप से टीम में होगा और पथिराना पर तीक्ष्णा को तरजीह मिलेगी, क्योंकि तीक्ष्णा सीएसके में अधिक प्रभावी होंगे। लेकिन अगर मुंबई जैसी जगह पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच होता है तो मैं पथिराना का चयन करूंगा। वह काफी हद तक मलिंगा की तरह गेंदबाजी करते हैं और वहां स्पिन बड़ी भूमिका नहीं निभाएगी।’ उन्होंने कहा, ‘अगर मुझे चार विदेशी खिलाड़ियों का चयन करना है तो वे कॉन्वे, बेन स्टोक्स, मोईन अली और तीक्ष्णा होंगे।’

End of Article