लंदन: न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने लंदन के ओवल मैदान पर खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। सातवें पायदान पर बल्लेबाजी करने उतरे फिलिप्स ने एक छोर संभाले रखा और टीम के लिए संकटमोचक की भूमिका अदा करते हुए रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज करा लिया। फिलिप्स 135 गेंद में 100 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 18 चौके जड़े।
188 रन न्यूजीलैंड ने गंवा दिए थे पांच विकेट
फिलिप्स जब बल्लेबाजी करने उतरे तब न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में उन्होंने विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल के साथ मोर्चा संभाला और अपना अर्धशतक 76 गेंद में 10 चौके की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद अपना शतक भी 133 गेंद में पूरा कर लिया। फिलिप्स न्यूजीलैंड के आखिरी आउट होने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के बल पर न्यूजीलैंड को 391 रन तक पहुंचा दिया।
तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले तीसरे बैटर
फिलिप्स ने शतक पूरा करते ही अपना नाम न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाजों के स्पेशल क्लब में दर्ज करा लिया। फिलिप्स न्यूजीलैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले ब्रेंडन मैकुलम और मार्टिन गप्टिल के बाद ये उपलब्धि हासिल करने में सफल रहे हैं। फिलिप्स तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले न्यूजीलैंड के मिडिल ऑर्डर के पहले बैटर हैं। मार्टिन गप्टिल और ब्रैंडन मैकुलम ने टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए ये कारनामा किया था।
सातवें पायदान पर शतक जड़ने वाले चौथे कीवी बैटर
ग्लेन फिलिप्स न्यूजीलैंड के लिए सातवें या उससे निचले पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट शतक जड़ने वाले चौथे कीवी बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले साल 1973 में विक पोलार्ड ने, 1986 में जॉन ब्रेसवेल और 2008 में जैकब ओरम ने ये कारनामा किया था। 18 साल बाद कोई कीवी बल्लेबाज ये उपलब्धि हासिल करने में सफल हुआ है।
