जीत के रथ पर सवार 5 बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड के खिलाफ बड़े मुकाबले से पहले झटका लगा है। दरअसल टीम के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उन्हें गोल्फ खेलने के दौरान चोट आई है, जिसके बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ इस मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। दरअसल गोल्फ खेलने के दौरान वह गिर गए जिसके बाद उन्हें कन्कशन की शिकायत आई है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि वह अगले मुकाबले में वापस आ जाएंगे यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट की तरफ से अब तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है।
मैक्सवेल के साथ पहली बार नहीं हुआ ऐसा
मैक्सवेल के साथ पहली बार नहीं हुआ है जब वह मैदान से बाहर इस प्रकार इंजर्ड हुए हैं। इससे पहले वह एक दुर्घटना में अपना पैर तुड़वा चुके हैं, जिसके बाद उन्हें रिकवर करने में 12 महीने का वक्त लगा था। इतने लंबे वक्त बाद उन्होंने वर्ल्ड कप में वापसी की थी।
शानदार फॉर्म में हैं मैक्सवेल
इस वर्ल्ड कप की बात करें तो ग्लेन मैक्सवेल शानदार फॉर्म में हैं। बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी वह अपनी टीम के लिए योगदान दे रहे हैं। इस वर्ल्ड कप में 148.48 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 196 रन बना चुके हैं। उन्होंने नीदलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक भी लगाया था। उन्होंने उस मैच में 44 गेंद में 106 रन की पारी खेली थी। मैक्सवेल ने 4 विकेट भी चटकाए हैं।
