क्रिकेट

IND vs SL: टीम इंडिया में शुरू हो गया गौतम गंभीर का दौर, पहले प्रैक्टिस सेशन में दिखा टीम का उत्साह

IND vs SL: श्रीलंका दौरे पर गई टीम इंडिया में गौतम गंभीर का दौर शुरू हो गया। टीम इंडिया ने पहले प्रैक्टिस सेशन में भाग लिया जिसमें नए कोच के साथ टीम इंडिया के खिलाड़ी काफी उत्साह में नजर आए।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (साभार-BCCI)

IND vs SL: नये मुख्य कोच गौतम गंभीर की देख रेख में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 श्रृंखला से पहले यहां अपने शुरूआती अभ्यास सत्र में मैदान पर उतरी। दिग्गज राहुल द्रविड़ की जगह कोच बने गंभीर ने मैदान पर टीम का नेतृत्व किया और अभ्यास सत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने हलका अभ्यास किया जिसमें क्षेत्ररक्षण अभ्यास, दौड़ने और गेंद को पकड़ने का अभ्यास शामिल था।

इस दौरान टीम के खिलाड़ी टी 20 अंतरराष्ट्रीय टीम के नये कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ बातचीत करते देखे गये। गंभीर ने बल्लेबाजी अभ्यास कर रहे संजू सैमसन के साथ बातचीत करने के बाद मैदान पर हरफनमौला शिवम दुबे के साथ समय बिताया। भारत के पूर्व हरफनमौला अभिषेक नायर और नीदरलैंड के बल्लेबाज रयान टेन डोशेट श्रीलंका दौरे के लिए गंभीर के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं। इन तीनों ने हाल ही में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आईपीएल 2024 खिताब दिलाने के लिए सहयोग किया था।

राष्ट्रीय टीम के साथ उनका पहला कार्य 27 जुलाई को टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के साथ शुरू होगा जिसके बाद तीन वनडे मैच होंगे। द्रविड़ के सहयोगी स्टाफ का हिस्सा क्षेत्ररक्षण कोच टी दिलीप टीम के साथ बने हुए है। इसके अतिरिक्त, बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) से जुड़े साईराज बहुतुले इस दौरे में अंतरिम गेंदबाजी कोच के रूप में काम करेंगे।

(भाषा इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article