सरफराज खान के नाबाद 139 रन की बदौलत मुंबई ने सोमवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मुकाबले के दूसरे दिन हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में चार विकेट पर 398 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। हिमाचल प्रदेश की पहली पारी 140 रन पर सिमट गई थी। इस तरह मुंबई ने पहली पारी के आधार पर 258 रन की बढ़त हासिल कर ली है। सरफराज ने 213 गेंद की अपनी नाबाद पारी में 18 चौके लगाए। दिन का खेल समाप्त होने तक आकाश आनंद 152 गेंद में 58 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे थे। दोनों पांचवें विकेट के लिए नाबाद 176 रन की साझेदारी कर चुके हैं।
रविवार को 12 रन पर नाबाद रहे मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने 188 गेंद में 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 87 रन बनाए। मुशीर खान ने भी 57 रन का योगदान दिया। मुंबई ने सोमवार को दिन की शुरुआत दो विकेट पर 107 रन से की और 87 ओवर में दो विकेट गंवाकर 291 रन जोड़े। रोहतक में हरफनमौला खिलाड़ी निशांत सिंधू ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया जिससे हरियाणा ने चंडीगढ़ को दो दिन के भीतर पारी और 24 रन से हरा दिया।
बाइस वर्षीय सिंधू ने हरियाणा की पहली पारी में 92 रन बनाने के बाद अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से 27 रन देकर छह विकेट चटकाए। रविवार को चंडीगढ़ को 103 रन पर समेटने के बाद हरियाणा ने दिन का खेल समाप्त होने तक 44 ओवर में चार विकेट पर 139 रन बना लिए थे। हरियाणा ने अंतत: 245 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर 142 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में भी चंडीगढ़ की टीम 47 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। सिंधू के अलावा कनिष्क चौहान ने भी 32 रन देकर तीन विकेट लिए।
चंडीगढ़ की ओर से कप्तान मनन वोहरा ने सर्वाधिक 47 रन बनाए। चेन्नई में उत्तराखंड के 134 रन के जवाब में तमिलनाडु ने 313 रन बनाकर 179 रन की बढ़त हासिल की और फिर दूसरी पारी में उत्तराखंड का स्कोर एक विकेट पर नौ रन करके अपना पलड़ा भारी रखा। जयपुर में राजस्थान ने सचिव यादव (194) और करण लांबा (194) के बड़े शतकों से 497 रन बनाने के बाद रेलवे का स्कोर एक विकेट पर 46 रन कर दिया।
