स्पोर्ट्स

रिंकू ने मां को समर्पित किया अपना गोल्ड मेडल, दो महीने पहले हुआ था निधन

एशियन पैरा गेम्स में भारत ने सोमवार को जैवलिन थ्रो इवेंट में डबल पोडियम फिनिश किया। रोहतक के रहने वाले रिंकू ने एफ46 स्पर्धा में भारत को गोल्ड दिलाया। जीत के बाद उन्होंने यह मेडल अपने मृत मां को समर्पित किया।

Image

रिंकू हुड्डा (साभार-X)

मां के निधन के बाद पिछले दो महीने से परेशान चल रहे रिंकू हुड्डा ने उनके लिए एशियाई पैरा खेलों में स्वर्ण पदक जीतने का संकल्प लिया था और सोमवार को नागोया में उन्होंने ऐसा कर दिखाया। रिंकू ने आइची-नागोया एशियाई पैरा खेलों की पुरुषों की भाला फेंक एफ46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इसे अपनी मां को समर्पित किया। इस स्पर्धा में भारत के अजीत सिंह ने भी रजत पदक जीता। नागोया से पीटीआई के साथ टेलीफोन पर बातचीत में रिंकू ने कहा, ’’पिछले दो महीने से मैं थोड़ा परेशान था। मेरी मां का आठ अगस्त को निधन हो गया था। मैं अब भी परेशान हूं। बाहर से सब ठीक लगता है, लेकिन अंदर से ऐसा नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ’’मैं अपनी मां के लिए यह स्वर्ण पदक जीतना चाहता था। इसलिए मैं यह स्वर्ण पदक अपनी मां को समर्पित करना चाहूंगा।’’ हरियाणा के धामड़ गांव के 27 वर्षीय रिंकू को मां के निधन के बाद परिवार के साथ समय बिताने का ज्यादा मौका नहीं मिला क्योंकि 13 दिन की शोक अवधि पूरी होते ही उन्हें प्रशिक्षण के लिए लौटना पड़ा।’’ रोहतक के राजीव गांधी स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाले रिंकू ने कहा, ’’उनका निधन आठ अगस्त को हुआ था। 19 अगस्त को 13वें दिन की रस्म पूरी होते ही मैंने प्रशिक्षण शुरू कर दिया था। हालांकि, शुरुआत में मैंने हल्का अभ्यास किया।’’

प्रशिक्षण शुरू करते ही रिंकू के कंधे में चोट लग गई जिसके कारण उन्हें करीब तीन सप्ताह तक आराम करना पड़ा। उन्होंने कहा, ’’मेरे कंधे में ग्रेड-1 का मांसपेशीय खिंचाव था। इसके बाद मैंने करीब 20 दिन आराम किया। अब मैं चोट से पूरी तरह उबर चुका हूं।’’ रिंकू ने कहा, ’’पहले मैं टेपिंग वगैरह करता था। अब भी टेपिंग करता हूं, लेकिन मुझे दर्द महसूस नहीं हुआ।’’

रिंकू ने 65.11 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता और अजीत सिंह को महज नौ सेंटीमीटर से पीछे छोड़ा। अजीत ने 65.02 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक हासिल किया। रिंकू की जिंदगी तीन साल की उम्र में बदल गई थी जब खेती के दौरान हुए एक हादसे में उनका बायां हाथ कट गया। धान की बुवाई में इस्तेमाल होने वाली मशीन में हाथ फंस जाने के कारण उनका हाथ काटना पड़ा।

रिंकू ने 2018 एशियाई पैरा खेलों में कांस्य और 2022 में चीन में आयोजित प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। उन्होंने 2023 और 2025 की विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी क्रमश: रजत और स्वर्ण पदक हासिल किया। हालांकि, उनके पदकों के संग्रह में अब तक पैरालंपिक पदक शामिल नहीं है। रिंकू ने कहा, ’’मैंने अभी तक पैरालंपिक में कोई पदक नहीं जीता है। अब मेरा लक्ष्य यही है। मैं इस पर अधिक ध्यान दूंगा।’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article