क्रिकेट

पाकिस्तान पर जीत के बाद कप्तान स्टोक्स बोले- 'एंडरसन भावुक हैं', जानिए वजह

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 5, 2022, 09:18 PM IST

EXPLAINED: Why James Anderson got emotional after PAK win: पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में खेले गए पहले टेस्ट मैच में रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ियों का जश्न देखने लायक था। खासतौर पर टीम के सबसे अनुभवी व महान खिलाड़ी जेम्स एंडरसन, जो भावुक हो गए थे। स्टोक्स ने इसकी जानकारी दी।

Image

जेम्स एंडरसन (AP)

Pakistan (PAK) vs England (ENG) 1st Test, James Anderson, Ben Stokes: पाकिस्तानी जमीन पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने सोमवार को एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की। रनों का पहाड़ खड़ा करने के बाद पाकिस्तान को पूरे मैच में लगातार चुनौती देते हुए अंत में मेहनत रंग लाई और जीत के बेहद करीब पहुंची पाक टीम को अंतिम दिन जीतने नहीं दिया। इस यादगार जीत के कई नायक रहे, तमाम शतकवीर रहे लेकिन एक खिलाड़ी जिस पर सबकी नजरें थीं, वो थे महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन जो 40 साल की उम्र में भी सबसे बेहतर, सबसे शानदार हैं।

रावलपिंडी टेस्ट में पाकिस्तान की अंतिम जोड़ी के कुछ ओवरों के संघर्ष को खत्म करते हुए अंतिम दिन का खेल खत्म होने से पहले इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 74 रनों से मात दे दी और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। ये मैच बेशक एक ऐसी सपाट पिच पर हुआ था जहां बल्लेबाजों को अतिरिक्त फायदा मिल रहा था, लेकिन इसके बावजूद ऑली रॉबिनसन के अलावा महान जेम्स एंडरसन ने भी दिखा दिया उनकी धार किसी भी पिच पर जलवा बिखेरने के लिए काफी है। एंडरसन ने पहली पारी में सिर्फ 1 विकेट लिया था लेकिन दूसरी पारी में सिर्फ 36 रन लुटाते हुए 4 विकेट झटक लिए।

भावुक हुए एंडरसन, ये है वजह

मैच के बाद जब विजयी इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने बयान दिया तो उसमें उन्होंने मैच से जुड़ी कई बातें कहीं, लेकिन सबसे दिलचस्प पहलू अंत का रहा जब उन्होंने बताया कि वहां खड़े जेम्स एंडरसन भावुक हैं। एंडरसन को आखिरी बार तब भावुक देखा गया था जब महान पूर्व कप्तान एलेस्टर कुक ने अपना अंतिम मैच खेला था। आखिर आज ऐसा क्या हुआ कि जिमी भावुक हो गए। दरअसल, स्टोक्स ने अपनी अगली लाइन में इसकी वजह भी बयां कर दी।

स्टोक्स ने कहा, "मुझे लगता है कि ये इंग्लैंड के टेस्ट इतिहास में विदेशी जमीन पर सबसे यादगार जीतों में दर्ज होगी। हमने इस हफ्ते कुछ बहुत खास कर दिखाया है।" जी हां, इंग्लैंड ने 22 साल बाद पाकिस्तान की जमीन पर कोई मैच जीता है इसकी खुशी सभी खिलाड़ियों को रही होगी। वहीं जेम्स एंडरसन की बात करें तो वो 17 साल बाद पाकिस्तान आए हैं और ऐसी जीत के साथ शुरुआत होना ही वजह रही कि वो भावुक हो गए।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article