क्रिकेट

ENG W vs NZ W: इंग्लैंड ने दी न्यूजीलैंड पटखनी, हार के साथ हुई सोफी डिवाइन की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई

न्यूजीलैंड को महिला विश्व कप 2025 में अपने आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार का मुंह देखना पड़ा। इस मैच में हार के साथ ही कप्तान सोफी डिवाइन के अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया।

Image

इंग्लैंड विमेंस क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड विमेंस क्रिकेट टीम

Photo : AP

विशाखापत्तनम: इंग्लैंड ने स्पिनरों के कमाल और एमी जोन्स की शानदार पारी की मदद से रविवार को यहां महिला विश्व कप के मुकाबले में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराकर स्टार ऑलराउंडर सोफी डिवाइन की विदाई को यादगार नहीं बनने दिया। न्यूजीलैंड की कप्तान डिवाइन ने अपने अंतिम वनडे मैच में टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उनके बल्लेबाज अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे और उसकी पूरी टीम 38.2 ओवर में 168 रन पर आउट हो गई।

इंग्लैंड ने आसानी से हासिल की जीत

इंग्लैंड ने दो विकेट पर 172 रन बनाकर 124 गेंद शेष रहते हुए आसानी से जीत हासिल की। जोन्स ने 92 गेंद पर नाबाद 86 रन बनाए जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल है। उन्होंने टैमी ब्यूमोंट (40) के साथ पहले विकेट के लिए 75 रन और हीथर नाइट (33) के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी की। डिवाइन ने नाइट के रूप में अपने करियर का अंतिम विकेट लिया। इस जीत से इंग्लैंड 11 अंक लेकर अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर रहा। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका था जहां उसका सामना 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में तीसरे नंबर की टीम दक्षिण अफ्रीका से होगा। दूसरा सेमीफाइनल इसके एक दिन बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नवी मुंबई में खेला जाएगा।

जीत के साथ नहीं हो सकी डिवाइन की विदाई

न्यूजीलैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी थी लेकिन उम्मीद की जा रही थी कि वह इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करके अपनी कप्तान डिवाइन को जीत के साथ विदाई देगी जिन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि यह वनडे क्रिकेट में उनका आखिरी मैच होगा। न्यूजीलैंड ने चार अंक के साथ छठे स्थान पर रहते हुए अपने अभियान का समापन किया।

खराब रही न्यूजीलैंड की शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही और अनुभवी सलामी बल्लेबाज सूजी बेट्स ने अपना खराब प्रदर्शन जारी रखा तथा फुलटॉस गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठीं। इसके बाद 20 वर्षीय जॉर्जिया प्लिमर ने 57 गेंदों पर 43 रन की रोमांचक पारी में सात चौके लगाए और दूसरे विकेट के लिए अमेलिया केर के साथ 82 गेंदों पर 68 रन जोड़े। लेकिन इंग्लैंड ने जोरदार वापसी की और एलिस कैप्सी ने अमेलिया केर को पवेलियन की राह दिखा दी जिन्होंने 43 गेंद पर 35 रन बनाए जिसमें पांच चौके शामिल हैं। इसके बाद चार्ली डीन ने अगले ओवर में प्लिमर को पगबाधा आउट कर दिया और इसके बाद न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ा गई।

डिवाइन नहीं खेल पाईं बड़ी पारी

विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक और दक्षिण अफ्रीका तथा बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाली सोफी डिवाइन ने अपने अंतिम एकदिवसीय मैच की शुरुआत धैर्य और उद्देश्य के साथ की थी, लेकिन वह अपनी पारी लंबी नहीं खींच पाई और 35 गेंद पर 23 रन बनाकर स्टंप आउट हो गई। इस तरह से डिवाइन के 15 वर्ष तक चल वनडे करियर का अंत हो गया। जब वह पवेलियन लौट रही थीं तो दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने उनका अभिवादन किया।

13 रन पर न्यूजीलैंड ने गंवाए आखिरी पांच विकेट

इंग्लैंड के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की जबकि उसकी स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन मैदान पर नहीं थीं जिन्हें क्षेत्ररक्षण करते समय कंधे में चोट लग गई थी। एक्लेस्टोन कुछ देर के लिए गेंदबाजी करने के लिए लौटीं और उन्होंने अपनी चौथी गेंद पर ब्रुक हैलीडे को आउट कर दिया। इसके बाद वह फिर से मैदान से बाहर चली गईं और पारी में आगे कोई हिस्सा नहीं लिया। लिन्से स्मिथ ने 9.2 ओवर में 30 रन देकर तीन जबकि नेट साइवर ब्रंट और कैप्सी ने दो-दो विकेट लिए। न्यूजीलैंड ने अपने अंतिम पांच विकेट 13 रन के अंदर गवाएं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article