क्रिकेट

AUS vs ENG 2nd Test Day One Highlights: जो रूट का ऑस्ट्रेलिया में पहला शतक, मिचेल स्टार्क के छह विकेट, ऐसा रहा डे-नाइट टेस्ट के पहले दिन का हाल

ब्रिस्बेन में गुरुवार को डे-नाइट फॉर्मेट में शुरू हुए दूसरे एशेज टेस्ट के पहले दिन जो रूट ने इंग्लैंड के लिए शतक जड़ा वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने कहर बरपाते हुए छह विकेट चटकाए। जानिए कैसा रहा ब्रिस्बेन टेस्ट के पहले दिन के खेल का हाल?

England vs Australia 2nd Ashes Test day One Highlights

इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरा टेस्ट, पहला दिन, हाईलाइट्स

Photo : AP

ब्रिसबेन: जो रूट (नाबाद 135 रन) ने गुरुवार को ब्रिस्बेन में खेले जा रहे एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला शतक जड़ा। उनकी शतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में नौ विकेट पर 325 रन बना लिए। जो रूट 135 और जोफ्रा आर्चर 32(26) रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने 71 रन देकर छह विकेट झटके लेकिन इंग्लैंड शुरूआती झटकों से उबरकर दिन का खेल खत्म होने तक अच्छी स्थिति में पहुंच गया।

रूट ने ऑस्ट्रेलियाई धरती पर जड़ा पहला शतक

ऑस्ट्रेलिया में रूट ने अभी तक शतक नहीं लगाया था और इससे पहले ऑस्ट्रेलिया में पिछले 15 एशेज टेस्ट में उनका सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर 89 था। लेकिन उन्होंने 12 साल लंबा इंतजार खत्म करते हुए 181 गेंद में 11 चौके से 100 रन पूरे किए। अभी तकर 202 गेंद का सामना करके 15 चौके और एक छक्का जड़ चुके हैं और 135 रन पर नाबाद हैं।

खराब रही इंग्लैंड की शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। मिचेल स्टार्क ने बेन डकेट और ओली पोप को खाता भी नहीं खोलने दिया जिससे तीसरे ओवर में इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर पांच रन हो गया था। इसके बाद रूट क्रीज पर आए। उन्होंने पर्थ में श्रृंखला के पहले मैच में मिली आठ विकेट की हार के बाद इंग्लैंड की पारी को संभालते हुए आत्मविश्वास दिलाने की कोशिश की। वह 11वें नंबर के खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर के साथ क्रीज पर मौजूद हैं। आर्चर ने अपने टेस्ट करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 26 गेंद में आतिशी अंदाज में 32 रन जड़ दिए और नाबाद पवेलियन लौटे। दसवें विकेट के लिए रूट और आर्चर के बीच 61 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी हैं।

स्टार्क बने बाएं हाथ के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज

मिचेल स्टार्क ने बीच के सत्र में हैरी ब्रूक (31 रन) को आउट कर अपने टेस्ट करियर का 415वां विकेट हासिल किया। इस तरह उन्होंने पाकिस्तान के महान गेंदबाज वसीम अकरम (104 टेस्ट में 414 विकेट) को पीछे छोड़कर टेस्ट इतिहास के सबसे सफल बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन गए। ब्रूक ऑफ स्टंप के बाहर स्लिप में कैच आउट हुए जिससे रूट के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन की भागीदारी खत्म हो गई। अपना 160वां टेस्ट खेल रहे रूट ने फिर जैक क्रॉली (76) के साथ 117 रन की भागीदारी करके इंग्लैंड को तीन विकेट पर 122 रन के स्कोर तक पहुंचाया।

स्टोक्स के रन आउट ने बदला मैच का रुख

इंग्लैंड ने पहले दो सत्र (दोपहर और शाम) में 98-98 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया ने हर एक सत्र में दो दो विकेट लिए। तीसरे सत्र में रूट और बेन स्टोक्स (19 रन) आराम से खेल रहे थे। लेकिन जोश इंग्लिस ने बेन स्टोक्स को शानदार तरीके से रन आउट कर दिया जिससे चीजें फिर से बदल गईं। अब स्कोर पांच विकेट पर 210 रन हो गया। तीन गेंद बाद स्कॉट बोलैंड ने जेमी स्मिथ को बोल्ड कर दिया जो खाता भी नहीं खोल सके। अब स्कोर छह विकेट पर 211 रन था। रूट इस समय 79 रन पर थे और विल जैक्स उनके साथ क्रीज पर थे। फिर दोनों ने 40 रन जोड़े।

पहले दिन इंग्लैंड ने बनाए 9 विकेट पर 325 रन

जैक्स ने स्टार्क की गेंद पर बिना वजह बड़ा शॉट खेला और पवेलियन लौट गए। फिर स्टार्क ने गस एटकिंसन (04) और ब्रायडन कार्स (00) को जल्दी जल्दी आउट किया जिससे स्कोर नौ विकेट पर 264 रन हो गया। फिर रूट और आर्चर ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया की पहले दिन बल्लेबाजी की उम्मीद को खत्म कर दिया। दिन के खेल का अंत इंग्लैंड के 9 विकेट पर 325 रन के साथ हुआ।

(भाषा)

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article