क्रिकेट

इंग्लैंड ने सातवें टी20 में पाकिस्तान को दी 67 रन से पटखनी, 4-3 के अंतर से जीती सीरीज

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 3, 2022, 05:30 AM IST

इंग्लैंड ने पाकिस्तान को सात मैच की टी20 सीरीज में 4-3 के अंतर से मात देकर खिताब पर कब्जा कर लिया है। रविवार को लाहौर में खेले गए आखिरी मुकाबले में 67 रन के अंतर से जीत दर्ज की। डेविड मलान इंग्लैंड की जीत के हीरो रहे।

Image

Image Credit: AP

लाहौर: पाकिस्तान दौरे पर 17 साल बाद पहुंची इंग्लैंड क्रिकेट टीम में टी20 सीरीज पर 4-3 के अंतर से कब्जा कर लिया। रविवार को खेले गए सीरीज के सातवें और आखिरी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने डेविड मलान की 47 गेंद में नाबाद 78 और हैरी ब्रूक की 29 गेंद में 46 रन की नाबाद पारी की बदौलत 3 विकेट पर 209 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 8 विकेट पर 142 रन बना सकी और 67 रन अंतर से मैच के साथ सीरीज भी गंवा दी।

अच्छी शुरुआत के बाद इंग्लैंड को लगे दोहरा झटके

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतक पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही लेकिन पांचवें ओवर में 39 के स्कोर पर एलेक्स हेल्स(18) और फिल साल्ट(20) रन बनाकर आउट हो गए। साल्ट रन आउट हुए और हेल्स को हसनैन ने एलबीडब्लू कर दिया।

मलान और डकेट ने पहुंचाया 100 रन के पार

दो विकेट जल्दी जल्दी गंवाने के बाद डेविड मलान और बेन डकेट ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर बेन डकेट 19 गेंद में 30 रन बनाकर रन आउट हो गए और इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट पर 101 रन हो गया।

मलान ने 34 गेंद में जड़ा अर्धशतक, ब्रूक के साथ की शतकीय साझेदारीइसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे हैरी ब्रूक ने मलान के साथ मिलकर पाकिस्तानी गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए। इसी दौरान मलान ने 34 गेंद में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। मलान और ब्रूक के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 59 गेंद में पूरी हो गई। जिसमें मलान ने 50 रन का और ब्रूक ने 45 रन का योगदान दिया।

जीत के लिए पाकिस्तान को दिया 210 रन का लक्ष्य अंत में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 3 विकेट पर 209 रन बनाए। मलान 47 गेंद में 78 और ब्रूक 29 गेंद में 46 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मलान ने अपनी आतिशी पारी में 8 चौके और 3 छक्के जड़े। वहीं ब्रूक के बल्ले से 1 चौका और चार छक्के निकले। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद हसनैन विकेट लेने वाले एकलौते गेंदबाज रहे। उनके खाते में एक विकेट आया।

सस्ते में पवेलियन लौटे रिजवान और बाबर आजम

जीत के लिए 210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। 1.2 ओवर में महज 5 रन के स्कोर पर पाकिस्तान की बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की स्टार सलामी जोड़ी पवेलियन वापस लौट चुकी थी। बाबर आजम को पहले ओवर की आखिरी गेंद पर क्रिस वोक्स ने ब्रूक के हाथों कैच कराकर चलता किया। इसके बाद रीस टॉप्ले ने रिजवान को दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर बोल्ड कर दिया। रिजवान 1 और बाबर 4 रन बना सके।

पाकिस्तान को इफ्तिकार अहमद के रूप में तीसरा झटका भी जल्दी ही लग गया। इफ्तिकार को डेविड विली ने विकेट के पीछ साल्ट के हाथों कैच करा दिया। इफ्तिखार ने 16 गेंद का सामना किया और 19 रन बना सके। उनके आउट होते ही स्कोर 5.1 ओवर में 33 रन पर 3 विकेट हो गया।

मसूद और खुशदिल नें की अर्धशतकीय साझेदारी

तीन विकेट सस्ते में गंवाने के बाद शान मसूद ने खुशदिल शाह के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 42 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली। लेकिन 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर इस साझेदारी को आदिल राशिद ने खुशदिल शाह को फिल साल्ट के हाथों कैच कराकर तोड़ दिया। खुशदिल ने 25 गेंद में 27 रन बनाए।

8 विकेट पर 142 रन बना सका पाकिस्तान

इस साझेदारी के टूटने के बाद एक बार फिर विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। आसिफ अली 7 रन बनाकर वोक्स की गेंद पर लपके गए। इसके बाद मोहम्मद नवाज 9 रन बनाकर सैम कुरेन की गेंद पर लपके गए। ऐसे में स्कोर 17.4 ओवर में 125 रन पर 6 विकेट हो गया। इसके बाद ही पाकिस्तान की हार पक्की हो गई लेकिन शान मसूद एक छोर थामे रहे और अर्धशतक पूरा करने के बाद वोक्स की गेंद पर राशिद के हाथों लपके गए। उन्होंने 43 गेंद में 56 रन की पारी खेली। अंत में पाकिस्तान 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 142 रन बना सका और मैच 67 रन के अंतर से गंवा दिया। डेविड मलान को उनकी आतिशी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच और हैरी ब्रूक को शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article