लंदन: आईसीसी विमेंस टी20 विश्व कप 2026 की मेजबान इंग्लैंड को ग्रुप दौर के अपने तीसरे मुकाबले से पहले करारा झटका लगा है। टीम की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट (Natalie Sciver-Brunt) चोट की वजह से अगले दो मैच से बाहर हो गई हैं। ईसीबी ने बताया कि कप्तान नैट साइवर-ब्रंट बाएं पैर की पिंडली (काफ) में खिंचाव के कारण महिला T20 वर्ल्ड कप के अगले दो ग्रुप मैचों से बाहर हो गई हैं। उन्हें आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजी करते हुए चोट लगी थी।
आयरलैंड के खिलाफ हुई थीं रिटायर्ड हर्ट
साइवर-ब्रंट आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजी करते हुए रिटायर्ड हर्ट हुई थीं। उस वक्त वो 48 रन बनाकर खेल रही थीं। बाद में स्कैन में पता चला कि उनकी पिंडली में चोट लगी है। ये उनकी पुरानी चोट है जो उभर गई है। ऐसे में मेडिकल टीम उनपर नजर रखेगी। इंग्लिश ऑलराउंडर को पिछले साल भारत की मेजबानी में आयोजित वनडे विश्व कप के दौरान भी पिंडली में चोट लगी थी। इसके बाद वो न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ खेली गई द्विपक्षीय सीरीज से बाहर हो गई थीं।
अगले दो मैच से हुई बाहर
नैट साइवर-ब्रंट स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ अगले दो मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगी। उनकी गैर-मौजूदगी में उप-कप्तान चार्ली डीन टीम की कमान संभालेंगी। ग्रुप बी में शामिल इंग्लैंड की टीम शनिवार 19 जून को हेडिंग्ले में स्कॉटलैंड का सामना करेगी और उसके बाद 24 जून को लॉर्ड्स में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: शेफाली वर्मा ने बताया उन्हें क्यों है स्मृति मंधाना के साथ बल्लेबाजी करना पसंद
