क्रिकेट

शेफाली वर्मा ने बताया उन्हें क्यों है स्मृति मंधाना के साथ बल्लेबाजी करना पसंद

नीदरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में अपनी शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बल पर टीम इंडिया को लगातार दूसरी जीत में अहम भूमिका निभाने वाली शेफाली वर्मा ने बताया है कि उन्हें स्मृति मंधाना के साथ बल्लेबाजी करना क्यों है पसंद?

Image

शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

लीड्स: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा कि मानसिक रूप से मजबूत रहने से उन्हें हाल के खराब प्रदर्शन से उबरने में मदद मिली और इसके साथ ही टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने भी सहज और शांत होकर खेलने में उनकी सहायता की। अपने पहले महिला टी20 विश्व कप खिताब की कवायद में लगी भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रन से और दूसरे मैच में नीदरलैंड को 95 रन से हराया।

नीदरलैंड के खिलाफ शेफाली ने खेली 38 गेंद में 55 रन की पारी

नीदरलैंड के खिलाफ शेफाली ने 38 गेंदों में 55 रन बनाकर लय में लौटने के संकेत दिए। उन्होंने मंधाना के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की जिससे भारत पांच विकेट पर 209 रन बनाने में सफल रहा। शेफाली ने विश्व कप से पहले खेले गए द्विपक्षीय मैचों के संदर्भ में कहा,'इंग्लैंड के खिलाफ (द्विपक्षीय श्रृंखला में) हम अच्छी साझेदारियां नहीं कर पाए लेकिन हम आपस में इस संदर्भ में काफी बातचीत कर रहे थे और एक दूसरे का हौसला बढ़ा रहे थे। हमने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। उसके बाद मैंने नेट पर काफी अभ्यास किया। मैंने जमीन पर शॉट खेलने की कोशिश की, मानसिक रूप से खुद को मजबूत बनाए रखने की कोशिश की और हमारी साझेदारी बहुत अच्छी रही।'

मंधाना को उन्हें नहीं देने पड़ते हैं ज्यादा निर्देश

इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज ने कहा कि बल्लेबाजी करते समय मंधाना को उन्हें ज्यादा निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा,'उन्हें मुझे बहुत ज्यादा निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ती। वह बहुत समझदार है। मैं हर गेंद पर छक्का लगाने के बारे में सोचती हूं लेकिन वह मुझे शांत बनाए रखती है। वह कहती है कि मुझे अधिक शॉट जमीन पर खेलने होंगे। सबसे अच्छी बात यह है कि जिन गेंदबाजों के सामने मैं खुलकर नहीं खेल पाती उन पर वह अच्छे शॉट खेलती है। हम दोनों जानते हैं कि जब कोई ऑफ-स्पिनर या बाएं हाथ का स्पिनर गेंदबाजी करने आता है तो स्ट्राइक किसे लेनी चाहिए। हम कई साल से साथ में खेलते आ रहे हैं और जानते हैं कि स्ट्राइक किसे देनी चाहिए।'

21 जून को भारत की होगी दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत

भारत रविवार को मैनचेस्टर में ग्रुप ए के अपने तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा और शेफाली ने कहा कि टीम आगे की कड़ी चुनौतियों के लिए तैयार है। उन्होंने कहा,'हमारे बल्लेबाज और गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच हमारे लिए कितना महत्वपूर्ण होगा। हम इसके लिए तैयार हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article