क्रिकेट

ENG W vs IND W 3rd T20I: इंग्लैंड ने जीता तीसरा टी20, भारत ने महिला वर्ल्ड कप से पहले गंवाई सीरीज

ENG Women vs IND Women 3rd T20I Match Report: भारत और इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का तीसरा व निर्णायक टी20 मुकाबला मेजबान इंग्लैंड की टीम ने जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। इसी के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले सीरीज गंवा दी है।

Image

इंग्लैंड ने भारत को तीसरे टी20 व सीरीज में हराया (Instagram)

England Women vs India Women T20 Match Report: भारतीय महिला क्रिकेट टीम और मेजबान इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच 3 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का तीसरा व निर्णायक मुकाबला टॉन्टन में आयोजित हुआ। इस मैच में सीरीज दांव पर थी क्योंकि पहला टी20 भारत ने जीता था, जबकि दूसरा टी20 इंग्लैंड ने जीतकर सीरीज बराबर कर ली थी। तीसरे टी20 में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने 6 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की और सीरीज 2-1 से जीत ली। इसी के साथ भारतीय टीम को आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) से पहले सीरीज गंवानी पड़ी है। महिला टी20 वर्ल्ड कप 12 जून से शुरू हो रहा और ये इंग्लैंड में ही खेला जाना है।

इंग्लैंड और भारत की महिला टीमों के बीच तीसरा व फाइनल टी20 मैच टॉन्टन में हुआ, जहां मेजबान टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी दोनों ओपनर्स स्मृति मंधाना (8 रन) और शेफाली वर्मा (11 रन) के विकेट सस्ते में गंवा दिए। हालांकि इसके बाद चार बल्लेबाजों ने लगातार अच्छी पारियां खेली और भारत को एक सम्मानजनक स्कोर की तरफ बढ़ाया। यास्तिका भाटिया ने 32 रन, जेमिमा ने 29 रन और दीप्ति शर्मा ने 32 रनों की पारियां खेलीं, लेकिन सबसे अहम पारी को अंजाम दिया कप्तान हरमनप्रीत कौर ने, जिनके बल्ले से 40 गेंदों में नाबाद 56 रनों की पारी निकली। इसके बदौलत 20 ओवर में भारत ने 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए।

इंग्लैंड की टीम को लगे शुरुआती झटके

अब इंग्लैंड के सामने 181 रनों का लक्ष्य था अगर उन्हें सीरीज जीतनी थी। इंग्लैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। अरुंधती रेड्डी ने ओपनर सोफिया डंकली को 16 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद, क्रांति गौड़ ने इंग्लैंड को दो करारे झटके दिए, पहले डानी वायट-हॉज को 5 रन पर बोल्ड किया और फिर विकेटकीपर बल्लेबाज एमी जोन्स को 2 रन पर दीप्ति शर्मा के हाथों कैच करा दिया। अब इंग्लैंड की टीम 5.1 ओवर में 38 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी।

कैप्सी और नाइट की जोड़ी ने कर दी विजयी ऐतिहासिक पार्टनरशिप

तीन विकेट गिरने के बावजूद इंग्लैंड पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा क्योंकि पांचवें नंबर पर एलिस कैप्सी (82 रन) और छठे नंबर पर हीदर नाइट (नाबाद 70 रन) ने शानदार पारियों को अंजाम देते हुए अपनी टीम को जीत की दहलीज तक आसानी व तेज रफ्तार के साथ पहुंचा दिया। कैप्सी 43 गेंदों में 82 रनों की पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच रहीं और इंग्लैंड ने सिर्फ 18.3 ओवर में 6 विकेट से बड़ी जीत हासिल करके सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। अब इंग्लैंड में ही होने वाले महिला टी20 विश्व कप में मेजबान टीम बढ़े हुए हौसले के साथ आगे बढ़ेगी जबकि भारत को अपनी रणनीति में सुधार करना होगा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article