क्रिकेट

IND W vs AUS W: 'ये शानदार था' हरमन और जेमिमा की पारी की एलिसा पैरी भी बनीं फैन

IND W vs AUS W Womens World Cup 2025: ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एलिस पैरी ने आईसीसी महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में मिली हार के बावजूद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स के प्रदर्शन की तारीफ की जिन्होंने अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया।

Image

हरमनप्रीत कौर जेमिम रॉड्रिक्स (फोटो- BCCI)

IND W vs AUS W Womens World Cup 2025: ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पैरी ने आईसीसी महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत से मिली हार को खेल भावना से स्वीकार किया है। उन्होंने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और युवा बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स के ऐतिहासिक प्रदर्शन की खुलकर प्रशंसा की। इन दोनों खिलाड़ियों की दमदार और संयमित पारियों की बदौलत ही भारत ने महिला वनडे क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए फाइनल में अपनी जगह बनाई।

दबाव में संयम, ड्रेसिंग रूम में सराहना

भारत की जीत के बाद पैरी ने कहा कि हरमनप्रीत और जेमिमा ने जिस तरह से दबाव को संभाला, वह तारीफ के काबिल है। उन्होंने कहा, "इन दोनों खिलाड़ियों ने दबाव में जिस तरह का संयम दिखाया, उससे ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में भी उनकी सराहना होगी।"भारत ने अब रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भिड़ना है। एलिस पैरी ने स्वीकार किया कि ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम हरमनप्रीत (89 रन) और जेमिमा (नाबाद 127 रन) के अविश्वसनीय प्रयासों की सराहना कर रहा है।

जब पैरी से यह पूछा गया कि क्या ऑस्ट्रेलियाई टीम कुछ अलग रणनीति अपना सकती थी, तो उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को पूरा श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि "यहां खड़े होकर विचार करना और इन्हें बताना बहुत आसान है। लेकिन अब मैच के नतीजे के बाद ड्रेसिंग रूम में हम सभी हरमन और जेमी की तारीफ करेंगे। वे पावरप्ले में दो विकेट गंवाने के बाद जिस तरह से खेलीं और जिस तरह से उन्होंने लक्ष्य का पीछा किया, यह शानदार रहा।उन्होंने स्पष्ट किया कि "हमने जो किया या जो कुछ नहीं किया, इन सबके बजाय जीत का सारा श्रेय उन्हें जाता है।"

छूटे कैच को नहीं बनाया हार का बहाना

मैच के दौरान जेमिमा रोड्रिग्स को 82 और 106 रन के स्कोर पर दो जीवनदान मिले थे, जिसका फायदा भारत को मिला। हालांकि, पैरी ने अपनी फील्डिंग की कमियों को हार का मुख्य कारण मानने से इनकार कर दिया।एलिस पैरी ने कहा कि "मैदान पर जज्बा हमेशा लड़ने का होता है, जब तक मैच खत्म नहीं होता, कोशिश करते रहने का होता है। जब तक आप अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि आप बस यही कर सकते हैं। आखिरकार यही खेल है।"

प्रदर्शन पर गर्व, बहाना बनाने से इनकार

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने सेमीफाइनल में मिली हार के लिए कोई बहाना बनाने से साफ इनकार किया। गौरतलब है कि 2017 विश्व कप में भारत से मिली हार के बाद, विश्व कप टूर्नामेंटों में ऑस्ट्रेलिया की यह पहली हार है।पैरी ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि "सेमीफाइनल में हार के बाद आप बहाने नहीं बना सकते क्योंकि आपको इस दिन अच्छा प्रदर्शन करना होता है और यही सबसे अधिक मायने रखता है।उन्होंने अंत में कहा कि "लेकिन हमने इस पूरे टूर्नामेंट में और पिछले 12 महीनों में जिस तरह का क्रिकेट खेला है, उस पर हमें बहुत गर्व है।"

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article