स्पोर्ट्स

Asian Games Badminton: बैडमिंटन में टूटा भारत का दिल, सिंगापुर के खिलाफ कड़े मुकाबले के बाद हारकर बाहर हुए लक्ष्य सेन

एशियन गेम्स 2026 में मेंस बैंडमिंटन के सिंगल्स मुकाबले के पहले राउंड में लक्ष्य सेन सिंगापुर के लोह कीन यू से तीन गेम में हारकर बाहर हो गए। लोह ने लक्ष्य को 21-12, 15-21,21-14 से हराया। महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु अपनी चुनौती पेश करेंगी। वहीं, डबल्स में सात्विक और चिराग की जोड़ी को भी निराशा हाथ लगी है।

Image

लक्ष्य सेन को मिली हार।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय शटलर लक्ष्य सेन शनिवार को एशियन गेम्स 2026 में मेंस के सिंगल्स मुकाबले के पहले राउंड में सिंगापुर के लोह कीन यू से तीन गेम में हारकर बाहर हो गए। सेन ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की और पहले गेम में 5-1 की बढ़त बना ली, लेकिन लोह ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार 10 पॉइंट जीते और मैच पर अपनी पकड़ बना ली। सिंगापुर के खिलाड़ी ने 11-5 की बढ़त के साथ इंटरवल में प्रवेश किया और फिर पहला गेम 21-12 से जीत लिया।

भारतीय शटलर ने दूसरे गेम में सुधार दिखाया और धीमी शुरुआत के बाद अपनी लय हासिल की। शुरुआती दौर में मुकाबला कड़ा रहा और दोनों खिलाड़ियों के बीच पॉइंट का आदान-प्रदान हुआ, लेकिन अंत में सेन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 21-15 से जीत हासिल की और मैच को निर्णायक गेम तक खींच लिया।

तीसरे गेम में पलटा पासा

तीसरे और आखिरी गेम में लोह ने एक बार फिर शुरुआती बढ़त बनाई और 8-3 से आगे हो गए। सेन ने वापसी की कोशिश की और अंतर को 13-14 तक कम किया, लेकिन सिंगापुर के शटलर ने फिर से नियंत्रण हासिल किया और अपनी बढ़त को 18-14 तक पहुंचाया और अंत में निर्णायक गेम 21-14 से जीत लिया।

पीवी सिंधु से है अब आखिरी उम्मीद

इस हार के साथ ही आइची-नागोया एशियन गेम्स में सेन का मेंस का सिंगल्स अभियान समाप्त हो गया। सेन का बाहर होना भारत की मेंस डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को शुरुआती झटके लगने के बाद हुआ, जिससे देश की बैडमिंटन उम्मीदें अब अन्य खिलाड़ियों पर टिकी हैं, जिनमें दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु भी शामिल हैं, जो अपना महिला सिंगल्स अभियान शुरू करेंगी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article