देश

नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, AC कोच की खिड़की चकनाचूर; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक नजारा

नागपुर से मुंबई आ रही दुरंतो एक्सप्रेस पर शुक्रवार रात ठाणे के कसारा घाट के पास पत्थरबाजी की घटना सामने आई। पत्थर AC 3-टियर के A1 कोच की खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर जा घुसा, जिससे एक यात्री को हल्की चोट लगी। घटना कैमरे में कैद हुई है और रेलवे व सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

Image

दुरंतो एक्सप्रेस पर अचानक बरसने लगे पत्थर, AC कोच की खिड़की टूटी। ANI

Photo : ANI

नागपुर से मुंबई आ रही दुरंतो एक्सप्रेस में पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। शुक्रवार रात ठाणे के कसारा घाट के पास ट्रेन के एसी 3-टियर कोच की खिड़की पर पत्थर फेंका गया। पत्थर खिड़की का शीशा तोड़ते हुए कोच के अंदर जा घुसा। इस घटना में एक यात्री को हल्की चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे कसारा घाट के पास हुई। बताया गया है कि पत्थरबाजी ट्रेन के ए1 कोच में हुई। घटना के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पत्थर लगने से कोच की खिड़की का कांच टूट गया

जानकारी के मुताबिक, नागपुर से मुंबई के लिए रवाना हुई दुरंतो एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान यह घटना हुई। पत्थर लगने से कोच की खिड़की का कांच टूट गया और पत्थर अंदर आ गया। घटना के बाद यात्रियों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी।

पूरी घटना कैमरे में भी कैद हुई है। वीडियो में पत्थर को खिड़की के शीशे से टकराते और कांच तोड़कर कोच के अंदर आते देखा जा सकता है। रेलवे की ओर से घटना के कारणों और पत्थरबाजी करने वाले व्यक्ति की पहचान का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की जांच में जुटी हैं।

घटना के वक्त ट्रेन में खाना खा रहे थे यात्री

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात नागपुर से मुंबई जा रही ट्रेन संख्या 12290 दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई। वर्धा के पास अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन की एसी बोगी को निशाना बनाया। पत्थर लगने से बी-4 कोच की खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के वक्त यात्री ट्रेन में खाना खा रहे थे। अचानक हुए पथराव से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

घटना के बाद दुरंतो एक्सप्रेस को वर्धा स्टेशन पर रोका गया। रेलवे पुलिस को मामले की जानकारी दी गई और आरपीएफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद रेलवे की मैकेनिकल टीम ने क्षतिग्रस्त खिड़की के शीशे की मरम्मत की। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।

रेलवे ने क्या दी जानकारी?

मध्य रेल के एक अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे वर्धा के पास हुई। अज्ञात व्यक्ति की ओर से ट्रेन की एसी बोगी पर पथराव किया गया था। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रेन पर पत्थर किसने फेंके और इसके पीछे क्या वजह थी। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

इस घटना पर रेलवे ने जानकारी दी है। रेलवे ने बताया कि 25 सितंबर की रात करीब 8:27 बजे ट्रेन नंबर 12290 पर बोर्खेड़ी स्टेशन के बाद पथराव की घटना हुई। पत्थर लगने से ट्रेन के A-1, B-2 और B-5 कोच की खिड़कियों के शीशे टूट गए। हालांकि, इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और न ही कोई नुकसान हुआ।

सूचना मिलने के बाद RPF और GRP की टीम ने बोर्खेड़ी-सिंधी सेक्शन में करीब 7 किलोमीटर के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। बोर्खेड़ी और ब्राह्मणी गांव के आसपास भी जांच की गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति या ठोस सबूत नहीं मिला।

रेलवे के मुताबिक, ट्रेन में मौजूद एस्कॉर्ट स्टाफ और यात्रियों ने भी बताया कि बाहर से किसी वस्तु या पत्थर के खिड़की से टकराने की आवाज आई थी। घटना की सही जगह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। 26 सितंबर को तड़के 2:55 बजे अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत केस नंबर 325/2026 दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article