क्रिकेट

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में रोहित के पास तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका

टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। रोहित केवल 105 रन दूर हैं। 280 पारी में रोहित 11,895 रन बना चुके हैं।

Image

रोहित शर्मा (साभार-X)

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के पास 12,000 वनडे रन पूरा करने का मौका है। फिलहाल रोहित शर्मा 288 मैच की 280 पारी में 48.95 की औसत और 93.04 की स्ट्राइक रेट से 11,895 रन बना चुके हैं। इस दौरान रोहित ने 34 शतक और 62 अर्धशतक जड़े हैं। वह 12,000 वनडे रन से केवल 105 रन दूर हैं और तिरुवनंतपुरम में रोहित यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। वेस्टइंडीज सीरीज से पहले रोहित नेट्स पर खूब पसीना बहा रहे हैं।

सचिन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं रोहित

रोहित के पास सचिन तेंदुलकर से आगे निकलने का सुनहरा मौका है। सबसे तेज 12,000 वनडे रन बनाने के मामले में सचिन फिलहाल विराट के बाद दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 309 मैच की 300 पारी में यह आंकड़ा पूरा किया था, जबकि रोहित अब तक 280 पारी ही खेले हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें 12,000 का आंकड़ा पार करने के लिए 3 पारी का मौका है। आखिरी बार जब रोहित वनडे में उतरे थे तो उन्होंने लॉर्ड्स में शतक जड़कर इतिहास रचा था। शानदार फॉर्म में चल रहे रोहित के लिए यह करना ज्यादा आसान नहीं होगा। रोहित ने लॉर्ड्स में उस वक्त 138 रन की शानदार पारी खेली थी, जब अटकलें लगाई जा रही थी कि लॉर्ड्स में उनका आखिरी वनडे होने वाला है। वह लॉर्ड्स में वनडे में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने थे और आलोचकों को करारा जवाब दिया था।

तब से बहुत कुछ बदल चुका है। अजीत अगरकर की कुर्सी जा चुकी है। 4 अक्टूबर को अगरकर का आखिरी दिन है। उनकी जगह पार्थिव पटेल को चीफ सेलेक्टर बनाया जा सकता है। इस बार वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाना है और पटेल के पास एक अच्छी टीम तैयार करने का मौका है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article