Year back Regulation: कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान 'ईयर बैक' (Year Back) शब्द किसी भी छात्र के लिए किसी बुरे सपने जैसा होता है। जब कोई छात्र किसी सेमेस्टर या शैक्षणिक वर्ष में न्यूनतम पासिंग अंक या क्रेडिट हासिल करने में असमर्थ रहता है, तो उसे अगले वर्ष में प्रमोट नहीं किया जाता और उन्हें वापस उसी साल की पढ़ाई करनी होती है। इसे ही आसान भाषा में ईयर बैक कहा जाता है। ईयर बैक लगने के बाद छात्रों के मन में कई सवाल घूमते हैं, जैसे— इसे क्लियर करने के लिए कितना समय मिलेगा, परीक्षा की तैयारी कैसे होगी और यदि वे दोबारा फेल हो गए तो उनका करियर किस मोड़ पर जाएगा। आइए समझते हैं इस प्रक्रिया के पूरे नियम के बारे में ताकि आप परीक्षा की तैयारी करें और अपनी डिग्री को रद्द होने से बचा सकें।
ईयर बैक का क्या मतलब है?
यूनिवर्सिटी नियमों के अनुसार, जब कोई छात्र किसी साल के अधिकांश विषयों या मुख्य प्रैक्टिकल/थ्योरी परीक्षाओं में फेल हो जाता है और नियम के तहत आगे की कक्षा में जाने की पात्रता खो देता है, तो उसे उसी साल की पढ़ाई दोबारा करनी पड़ती है। इंजीनियरिंग, मेडिकल, पॉलीटेक्निक या अन्य प्रोफेशनल और ट्रेडिशनल डिग्री कोर्सेज जैसे BA, B.Sc, B.Com में ईयर बैक लागू होने के अपने-अपने ग्रेडिंग सिस्टम एंड क्रेडिट पॉलीसी होती है। इस सिस्टम को समझने के लिए उम्मीदवार को संस्थान की पॉलीसी को चेक करना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Stenography क्या है? जानिए कहां से और कैसे हुई थी इसकी अनोखी शुरुआत
ईयर बैक पास करने के लिए कितना समय दिया जाता है?
अधिकांश भारतीय विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के नियमों के अनुसार, ईयर बैक पास करने के लिए समय सीमा दो अलग-अलग तरीकों से निर्धारित की जाती है। जो इस प्रकार है -
कोर्स की अधिकतम समय सीमा
कोर्स की अधिकतम समय सीमा N+2 या N+3 नियम पर आधारित है। आमतौर पर विश्वविद्यालयों में कोर्स की कुल अवधि के अलावा 2 से 3 अतिरिक्त वर्ष दिए जाते हैं। अगर इसे उदाहरण के तौर पर समझे तो यदि आप 4 साल का B.Tech कोर्स कर रहे हैं, तो यूनिवर्सिटी आपको इसे पूरा करने के लिए अधिकतम 6 से 7 वर्ष का समय देती है। इस समय सीमा के भीतर आप अपनी ईयर बैक या बैकलाग की परीक्षाएं देकर अपनी डिग्री पूरी कर सकते हैं।
ईयर बैक लगने पर दोनों समेस्टर की परीक्षा
ईयर बैक लगने पर छात्र को वही वर्ष दोबारा पढ़ना पड़ता है। इसके लिए छात्र को पूरे 1 साल (दो सेमेस्टर) का समय मिलता है, जिसमें वह नियमित कक्षाओं के साथ या केवल बैकड्रॉप परीक्षाओं के माध्यम से अपने सभी बैक पेपर्स क्लियर कर सकता है।
यदि छात्र दोबारा फेल हो जाए तो क्या होगा?
अगर किसी छात्र की ईयर बैक आई है, लेकिन दोबारा दी गई परीक्षाओं में भी वह पास होने में असफल हो जाता है तो ऐसी स्थिति में विभिन्न नियमों के आधार पर दोबारा परीक्षा देने या डिग्री रद्द की जा सकती है। अलग-अलग संस्थानों में इसके लिए निम्नलिखित नियम लागू होते हैं:
1. एक और मौका
यदि छात्र के पास अपने कोर्स की अधिकतम समय सीमा अभी बची हुई है, तो कई विश्वविद्यालय उसे एक बार फिर से उस वर्ष की परीक्षा देने का मौका देते हैं। हालांकि, इसके लिए छात्र को फिर से परीक्षा शुल्क का भुगतान करना होता है।
2. 'एक्स-स्टूडेंट' का दर्जा
दोबारा फेल होने पर कई संस्थान छात्र को रेगुलर के बजाय 'Ex-Student' घोषित कर देते हैं। इसका मतलब है कि आपको रोज कॉलेज में कक्षाएं लेने की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन आपको केवल परीक्षा के समय जाकर पेपर देना होता है।
3. क्रिटिकल ईयर बैक
यदि कोई छात्र लगातार दो या तीन बार एक ही वर्ष की परीक्षा में फेल होता है और उसकी अधिकतम सीमा समाप्त होने वाली होती है, तो कई सख्त नियमों वाली यूनिवर्सिटीज छात्र का नामांकन यानी Enrollment रद्द कर देती हैं। इसे 'अकादमिक ड्रॉप आउट' या 'सस्पेंशन' कहा जाता है। इसके साथ ही छात्र की डिग्री रद्द हो जाती है।
4. विशेष अनुमति या 'मर्सी चांस'
कुछ असाधारण परिस्थितियों में छात्र विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर या परीक्षा नियंत्रक से विशेष अनुमति मांग सकते हैं, जिससे उन्हें एक अंतिम अवसर मिल सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - DU का छात्रों को फाइनेंशियल सपोर्ट, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की फीस होगी माफ, जानें कौन कर सकता है आवेदन
ईयर बैक लगने पर छात्र क्या करें?
सबसे पहले अपनी यूनिवर्सिटी की आधिकारिक 'Academic Ordinance' या गाइडबुक पढ़ें कि ईयर बैक और बैक पेपर्स के क्या सटीक नियम को पढ़ें, जिसके आधार पर आपको स्पष्टा मिलेगी की किस-किस स्थिति में क्या-क्या हो सकता है। अगर आपको लगता है कि आपकी उम्मीद से अंक कम है तो आप तुरंत री-चेकिंग या स्क्रूटनी के लिए आवेदन करें। उम्मीदवारों को बता दें कि ईयर बैक लगना आपके करियर का अंत नहीं है। इस समय का उपयोग अपनी कमजोरियों को पहचानने, पढ़ाई का सही शेड्यूल बनाने और अपने विषय पर मजबूत पकड़ बनाने में करें, ताकि परीक्षा के दौरान आप बेहतर प्रदर्शन कर सकें और इसे पास कर आगे की पढ़ाई पूरी कर सकें।
