Amritsar News: पंजाब के अमृतसर में पुलिस कमिश्नरेट और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है। क्रॉस फायरिंग के दौरान गोली लगने से तीन बदमाश घायल हो गए, जबकि उनके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से पांच अवैध अत्याधुनिक हथियार और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर शहर में रंगदारी वसूलने और टारगेट किलिंग की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।
संदिग्ध की गिरफ्तारी से मिला सुराग
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान सबसे पहले 'विशाल' नाम के एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से .30 बोर की एक ग्लॉक पिस्तौल बरामद हुई। पूछताछ में विशाल ने खुलासा किया कि उसके चार अन्य साथी थांदा रोड पर छिपे हुए हैं। वे किसी बड़ी टारगेट किलिंग की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और उनके निशाने पर शहर का एक खास व्यक्ति था।
अंधेरे में पुलिस टीम पर दागीं गोलियां
सूचना मिलते ही सिटी डीसीपी जसकिरण तेजा और डीसीपी (जांच) प्रभजोत सिंह के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमों ने ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस बल ने थांदा रोड पर बदमाशों की घेराबंदी कर उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। हालांकि, खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधेरे का फायदा उठाकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई (क्रॉस फायरिंग) में तीन शूटर घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान 'पहलवान', शिवम और लवकेश के रूप में हुई है, जबकि उनके चौथे साथी राजविंदर को भी पुलिस ने मौके से दबोच लिया। तीनों घायलों के पैरों में गोलियां लगी हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 5 अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिनमें दो .30 बोर की ग्लॉक पिस्तौल और तीन बेरेटा (Beretta) पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा 20 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
