स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पेरी ने पाकिस्तान के खिलाफ बैट और बॉल से जलवा बिखेरा। अपने लंबे टी20 विश्व कप करियर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक का प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में चौथी जीत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 113 रन से मात दी। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है।
हेडिंग्ले में शाम को बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान ने मैच की पहली गेंद पर बेथ मूनी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब कर दी। इसके बाद जॉर्जिया वॉल और एलिस पेरी ने कमान संभाली। पहले संभलकर खेलते हुए पारी को संभाला और फिर पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
जड़ी टी20 वर्ल्ड की पहली फिफ्टी
जॉर्जिया वॉल 28 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने एलिस पेरी के साथ 56 गेंद पर 100 रन की साझेदारी की। सभी 10 टी20 विश्व कप में खेल चुकीं पेरी ने इस टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अपने 51 मुकाबलों में से पहली बार टी20 विश्व कप में अर्धशतक बनाया। पेरी ने 48 गेंद पर 71 रन की पारी खेली। इस दौरान 9 चौके और एक छक्का जड़ा। अंत में एनाबेल सदरलैंड ने 27 और निकोला कैरी ने 26 रन की पारी खेलकर टीम को 199 के स्कोर तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान की तरफ से शमीम और संधु ने दो-दो विकेट चटकाए।
एक ओवर में चटकाए दो विकेट
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की हालत खराब रही। 8 रन के स्कोर पर गुल फिरोज 1 रन बनाकर रन आउट हुईं। कप्तान सोफी मोलिनक्स ने साइरा जबीन को आउट कर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया। पाकिस्तान ने 6.2 ओवर में अपने चार विकेट गंवा दिए थे। 10वें ओवर में गेंदबाजी करने आईं एलिस पेरी ने दो विकेट चटकाए और पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया।
सेमीफाइनल की दावेदारी की मजबूत
पेरी ने पहली ही गेंद पर विकेट लिया जब मुनीबा अली की एक छोटी गेंद सीधे मिडविकेट की तरफ गई और आखिरी गेंद पर उन्होंने आलिया रियाज को विकेट के पीछे कैच आउट करवा दिया। सोफी मोलिनक्स और एनाबेल सदरलैंड ने भी दो-दो विकेट लिए। पाकिस्तान की पूरी टीम 13.4 ओवर में 86 रन बनाकर सिमट गई। पाकिस्तान ने तीन विकेट रन आउट के रूप में गंवाए। जीत के साथ ऑस्टेलिया ने सेमीफाइनल की अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है।
