स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) का एक सिक्योरिटी डेलिगेशन, इंग्लैंड के आगामी ODI ट्राई-नेशन सीरीज के दौरे से पहले इंतजामों का जायजा लेने पाकिस्तान पहुंचा है। इंग्लैंड और पाकिस्तान एक ट्राई-सीरीज खेलेंगे, जिसमें श्रीलंका भी शामिल होगा। यह सीरीज 18 अक्टूबर से शुरू होगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि यह दौरा एक सामान्य प्रक्रिया है जो ज्यादातर देश किसी दूसरे देश के दौरे से पहले करते हैं। ECB डेलिगेशन, जिसमें स्वतंत्र सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स भी शामिल हैं, सभी वेन्यू और टीम होटलों का दौरा करेगा और मेहमान टीम के लिए सिक्योरिटी प्लान के बारे में जानकारी लेने के लिए सरकार और PCB अधिकारियों से मुलाकात करेगा।
वेन्यू का करेगा निरीक्षण
ECB टीम लाहौर और रावलपिंडी में वेन्यू का निरीक्षण करेगी और इंतजामों का जायजा लेगी। जांच-पड़ताल करने वाली टीम अपनी रिपोर्ट ECB को सौंपेगी। ODI ट्राई-सीरीज 18 से 31 अक्टूबर तक खेली जाएगी, जिसके मैच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम और लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होंगे।
ODI ट्राई-सीरीज का शेड्यूल-
- 18 अक्टूबर: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका - रावलपिंडी
- 20 अक्टूबर: पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड - रावलपिंडी
- 22 अक्टूबर: श्रीलंका बनाम इंग्लैंड - रावलपिंडी
- 25 अक्टूबर: पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड - लाहौर
- 27 अक्टूबर: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका - लाहौर
- 29 अक्टूबर: श्रीलंका बनाम इंग्लैंड - लाहौर
- 31 अक्टूबर: फाइनल - लाहौर
PCB ने पहले घोषणा की थी कि श्रीलंका तीन मैचों की T20I सीरीज के लिए 4 अक्टूबर को पाकिस्तान पहुंचेगा और तीनों मैच 9 से 13 अक्टूबर के बीच रावलपिंडी में खेले जाएंगे। इसके बाद इंग्लैंड, ODI ट्राई-सीरीज के लिए पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ जुड़ेगा। 2022 से, इंग्लैंड ने टेस्ट सीरीज और छह मैचों की T20I सीरीज के लिए तीन बार पाकिस्तान का दौरा किया है।
