विराट कोहली भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। वो चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हैं, लेकिन दूसरे दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा इस सीरीज का हिस्सा हैं। हालांकि, पहले मुकाबले में वो केवल 16 रन बना पाए थे और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए थे। रोहित के वनडे भविष्य पर फैसला काफी हद तक इस सीरीज में उनके प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। लेकिन इन सवालों के बीच उनके कोच दिनेश लाड ने उनका रिटायरमेंट प्लान बताया है।
कोच ने बताया रोहित का रिटायरमेंट प्लान
रोहित के कोच ने हिटमैन का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने 16 रन बनाए, लेकिन आउट कैसे हुए, यह सबने देखा। मैं पहले से कह रहा हूं कि वह 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहा है। मैं चाहूंगा कि रोहित वर्ल्ड कप खेले, जीते और उसके बाद रिटायरमेंट ले। उन्होंने आगे कहा कि रोहित ने अभी रिटायरमेंट नहीं लिया है और वह जल्द ही बाउंस बैक करेंगे। रोहित को वर्ल्ड कप खेलना ही है। रोहित को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है। वर्ल्ड कप खेलने के बाद हंड्रैड पर्सेंट रिटायरमेंट लेगा।
रोहित हैं सबसे सफल ओपनर
अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा भले ही 16 रन बनाकर रन आउट हो गए हो, लेकिन इस दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। रोहित ने बतौर भारतीय ओपनर सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बतौर ओपनर वह भारत के लिए 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। नंबर दो पर वीरेंद्र सहवाग और नंबर 3 पर सचिन तेंदुलकर जैसे बल्लेबाज हैं। इतना ही नहीं रोहित पिछले मुकाबले में भारत की ओर से वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बने थे। भारत-अफगानिस्तान के बीच दूसरा मुकाबला बुधवार, 17 जून को खेला जाएगा। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां रोहित वापसी करने के इरादे से उतरेंगे।टाइम्सनाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- डिप्रेशन से क्रिकेट छोड़ने को तैयार थी यह क्रिकेटर
