क्रिकेट

चेन्नई सुपर किंग्स में हुई दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर की एंट्री,जैमी ओवरटन की लेंगे जगह

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जैमी ओवरटन के चोटिल होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने उनके रिप्लेसमेंट के नाम का ऐलान कर दिया है। जानिए कौन हैं डियान फॉरेस्टर?

Image

जैमी ओवरटन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में एंट्री की पुरजोर कोशिश कर रही चेन्नई सुपर किंग्स को करारा झटका इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जैमी ओवरटन के चोटिल होने के बाद लगा था। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने जल्दी ही उनके रिप्लेसमेंट के नाम का ऐलान कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका के 25 वर्षीय फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर डियान फॉरेस्टर को सीएसके की टीम में शामिल किया गया है। ओवरटन बांए हाथ के बल्लेबाज और दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने इसी साल 15 मार्च, 2016 को दक्षिण अफ्रीका के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20आई डेब्यू किया था। डियान फॉरेस्टर चेन्नई के साथ 75 लाख रुपये के बेस प्राइज में जुड़े हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए उन्होंने अबतक खेले 5 मैच में 83 रन बनाए हैं।

ऐसा रहा है टी20 करियर

डियान फॉरेस्टर ने अबतक करियर में खेले 36 टी20 मैच की 33 पारी में 14 बार नाबाद रहते हुए 35.84 के औसत और 140.70 की इकोनॉमी से 681 रन बनाए हैं। इसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 80 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। इस दौरान उन्होंने 11 विकेट 30.27 के औसत और 9.33 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। 30 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। बतौर फिनिशर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 36 चौके और 35 छक्के करियर में जड़े हैं।

सीएसके की SA20 लीग के थे सदस्य

एसए20 लीग में डियान फॉरेस्टर का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। फॉरेस्टर सीएसके की जोबर्ग सुपरकिंग्स के सदस्य थे। जोबर्ग सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 11 मैच की 8 पारी में 5 बार नाबाद रहते हुए 58.33 के औसत और 165.09 के स्ट्राइक रेट से 175 रन बनाए हैं। नाबाद 80 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था।

पीएसएल में ऐसा रहा प्रदर्शन

डियान फॉरेस्टर पाकिस्तान सुपर लीग के हाल ही में संपन्न हुए सीजन में रावलपिंडीज टीम के सदस्य रहे थे। उन्होंने लीग में 6 मैच में 44*,24,8,37*,13* और 6 रन की पारियां खेलीं। वहीं 2 विकेट लीग में चटकाए। फॉरेस्टर फिनिशर की भूमिका भी अदा करने में सक्षम हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article