क्रिकेट

CSK vs RR, IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को लगा करारा झटका

Dewald Brevis Injured: इंडियन प्रीमियर लीग में अपने अभियान की शुरुआत करने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को करारा झटका लगा है। आतिशी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से बाहर हो गए हैं। जानिए क्या है वजह?

Image

डेवाल्ड ब्रेविस और एमएस धोनी(फोटो क्रेडिट CSK X)

गुवाहाटी: महेंद्र सिंह धोनी की पिंडली की मांसपेशी में खिंचाव के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने आगाज से पहले डेवाल्ड ब्रेविस के ’साइड स्ट्रेन’ (पसलियों के आसपास की मांसपेशियों में खिंचाव) के कारण शुरुआती मुकाबलों से बाहर होने से बड़ा झटका लगा है। टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने रविवार को यह जानकारी दी। सीएसके को अपने पहले मैच में सोमवार को राजस्थान रॉयल्स का सामना करना है।

धोनी के बाद ब्रेविस हुए शुरुआती मुकाबलों से बाहर

फ्लेमिंग ने ब्रेविस की चोट पर कहा,'ब्रेविस बाहर हैं। उन्हें अभ्यास के दौरान ’साइड इंजुरी’ हुई थी। वह फिलहाल चोट से उबर रहे हैं।'सीएसके पहले ही घोषणा कर चुकी है कि धोनी कम से कम दो सप्ताह के लिए बाहर रहेंगे। हालांकि, फ्लेमिंग ने स्पष्ट किया कि पूर्व कप्तान टीम की रणनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा,'यह उनके बिना मैच होगा, लेकिन वह टीम के साथ पूरी तरह जुड़े हुए हैं। हम उनकी चोट पर काम कर रहे हैं और रिहैब जारी है। उनका प्रभाव अभी भी काफी मजबूत है। उम्मीद है कि वह जल्द वापसी करेंगे।'

अच्छी शुरुआत टूर्नामेंट में है जरूरी

पिछले सत्र में खराब शुरुआत को ध्यान में रखते हुए फ्लेमिंग ने टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा,'पहला मैच ही बताता है कि आपकी स्थिति क्या हैं। इसलिए अच्छी शुरुआत करना बेहद जरूरी है। टूर्नामेंट शुरू होने के बाद ध्यान उबरने की प्रक्रिया और अन्य चीजों पर भी चला जाता है।'

टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का है अच्छा संतुलन

टीम में संजू सैमसन के जुड़ने को लेकर भी उन्होंने उत्साह जताया। फ्लेमिंग ने कहा,'टीम में काफी उत्साह है। हमने पिछली रणनीति से थोड़ा अलग रास्ता अपनाया है, लेकिन अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है। संजू सैमसन का शीर्ष क्रम में होना विश्वस्तरीय है।' उन्होंने कहा कि पिछले साल कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की चोट से टीम का संतुलन बिगड़ गया था, लेकिन इस बार फिट गायकवाड़ और फॉर्म में चल रहे सैमसन टीम के लिए फायदेमंद साबित होंगे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article