दिल्ली कैपिटल्स के फैंस के लिए गुड न्यूज हैं। दरअसल तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। एएनआई ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्हें दिल्ली कैपिटल्स की गाड़ी से बाहर निकलते हुए देखा गया है। इससे पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में कैच लेने के प्रयास में वह सिर के बल गिर पड़े थे। एन्गिडी की चोट इतनी गंभीर थी कि फिजियो ने फौरन उन्हें अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी।
दिल्ली पुलिस की तत्परता को सलाम
लुंगी एन्गिडी को बिना किसी देरी के अस्पताल ले जाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कोटला से लेकर राजेंद्रनगर BLK-Max Super Speciality हॉस्पिटल तक ग्रीन कॉरिडर तैयार किया। इसी का नतीजा था कि दिल्ली की व्यस्त ट्रैफिक के बीच लुंगी को कोटला से वहां ले जाने में केवल 11 मिनट का वक्त लगा। क्रिकेट फैंस दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की खूब तारीफ कर रहे हैं।
पंजाब किंग्स के तीसरे ओवर में घटी घटना
पंजाब किंग्स जब 265 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी तब पारी के तीसरे ओवर में अक्षर पटेल की गेंद को प्रियांश आर्या ने खेला और इसी को कैच करने के प्रयास में लुंगी सिर के बल गिर पड़े। उन्हें सिर पर गंभीर चोट लगी। चोट इतनी गंभीर थी कि पंजाब किंग्स के सपोर्ट स्टाफ भी दौड़ कर देखने आ गए। लुंगी एन्गिडी को भले ही हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई हो, लेकिन उनकी वापसी मुश्किल होगी। उन्होंने इस सीजन दिल्ली के लिए कमाल का काम किया है। अब तक खेले गए 7 मैच में लुंगी 7 विकेट चटका चुके हैं।मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स को 264 रन बनाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। पंजाब किंग्स ने 265 रन का विशाल लक्ष्य 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान अय्यर ने 71 और प्रभसिमरन ने 76 रन की पारी खेली।
