Delhi Capitals Highest Score in IPL: दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर मुंबई इंडियन्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 257 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके साथ ही दिल्ली ने लीग के इतिहास में अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने अपना आईपीएल में सबसे बड़े स्कोर को 13 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
पॉवरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर
दिल्ली कैपिटल्स को आतिशी शुरुआत जैक फ्रेजर मैगर्क ने और अभिषेक पोरेल की जोड़ी ने दी। दोनों ने पॉवरप्ले में बगैर किसी नुकसान के 92 रन जड़ दिए और पॉवरप्ले में दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज्यादा रन जोड़ने का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
दिल्ली ने तोड़ा अपना ही 13 साल पुराना रिकॉर्ड
दिल्ली कैपिटल्स का इस मुकाबले से पहले आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 4 विकेट पर 231 रन था। ये स्कोर साल 2011 में दिल्ली ने पंजाब किंग्स के खिलाफ इसी मैदान पर बनाया था। वहीं केकेआर के खिलाफ शारजाह में साल 2020 में 4 विकेट पर 228 रन का स्कोर खड़ा किया था। इस लिहाज से देखें तो दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपना 13 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा और पहली बार लीग में 250 रन के आंकड़े को पार किया।
