क्रिकेट

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए दिल्ली की टीम का ऐलान, नीतीश राणा करेंगे अगुआई, दिग्वेश राठी हुए बाहर

डीडीसीए ने 26 नवंबर से शुरू होने जा रही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए शनिवार को दिल्ली की टीम का ऐलान कर दिया है। नीतीश राणा के हाथों में टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं धाकड़ स्पिनर को 23 सदस्यीय टीम में जगह नहीं दी गई है।

Image

नीतीश राणा (Delhi Premier League X)

नई दिल्ली: नीतीश राणा को 26 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए शनिवार को दिल्ली की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। राणा का उत्तर प्रदेश से आने के बाद मौजूदा घरेलू सत्र में दिल्ली के लिए यह पहला टूर्नामेंट होगा। उन्हें दिल्ली की रणजी ट्रॉफी टीम में जगह नहीं मिली है। आयुष बदोनी और यश ढुल दोनों की अगुआई वाली दिल्ली की टीम अब तक रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है। एलीट ग्रुप डी में दिल्ली पांच मैच में आठ अंक के साथ छठे स्थान पर है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2017-18 की चैंपियन टीम अब राणा के नेतृत्व में टी20 टूर्नामेंट में किस्मत बदलने की उम्मीद करेगी।

दिग्वेश राठी को नहीं मिली है टीम में जगह

लेग स्पिनर दिग्वेश राठी को 23 खिलाड़ियों की टीम में जगह नहीं मिली है। अभी तक यह पता नहीं चला है कि वह चोटिल हैं या नहीं। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ ने कहा कि तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा, हर्षित राणा और नवदीप सैनी अगर उपलब्ध होंगे तो टीम में शामिल होंगे। पूर्व भारतीय स्पिनर सरनदीप सिंह की कोचिंग वाली दिल्ली को ग्रुप डी में झारखंड, कर्नाटक, उत्तराखंड, राजस्थान, तमिलनाडु, सौराष्ट्र और त्रिपुरा के साथ रखा गया है। टीम के सभी मैच अहमदाबाद में होंगे।

दिल्ली की टीम इस प्रकार है:

नीतीश राणा (कप्तान), प्रियांश आर्य, सार्थक रंजन, आयुष बडोनी, अर्पित राणा, आयुष दोसेजा, मयंक रावत, तेजस्वी (विकेटकीपर), अनुज रावत (विकेटकीपर), हिम्मत सिंह, यश ढुल, सिमरजीत सिंह, राहुल डागर, यश भाटिया, अंकित राजेश कुमार, हर्ष त्यागी, सुयश शर्मा, प्रिंस यादव, मनी ग्रेवाल, रोहन राणा, ध्रुव कौशिक, आर्यन राणा, वैभव कंडपाल।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article