क्रिकेट

CSK vs MI Pitch Report: चेन्नई और मुंबई के बीच महामुकाबले की पिच रिपोर्ट

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 14, 2024, 05:56 PM IST

IPL 2024, CSK vs MI Pitch Report Today Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में आज पांच-पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की भिड़ंत होगी। चेन्नई और मुंबई के बीच होने वाला ये मैच मुंबई के घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में होगा। यहां जानते हैं कि मुंबई के ग्राउंड की पिच रिपोर्ट क्या कुछ कहती है, कैसे हैं यहां के आंकड़े और चेन्नई-मुंबई टीमों के इस मैदान पर आंकड़े कैसे रहे हैं।

Image

चेन्नई-मुंबई मैच पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • मुंबई-चेन्नई आईपीएल 2024 महामुकाबला आज
  • आज के दूसरे मैच में 5-5 बार की चैंपियन टीमों की टक्कर
  • मुंबई इंडियंस के मैदान वानखेड़े स्टेडियम में चैंपियंस की भिड़ंत

IPL 2024, CSK vs MI Pitch Report Today Match: आज आईपीएल 2024 में पांच-पांच बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमों का महामुकाबला होने जा रहा है। दोनों टीमें इस सीजन में पहली बार टकराने जा रही हैं। चेन्नई सुपर किंग्स मौजूदा आईपीएल चैंपियन है और शानदार लय में भी है, वे इस समय अंक तालिका में तीसरे स्थान पर हैं। जबकि मुंबई इंडियंस भी लय में लौट आई है और तीन मैचों में शिकस्त के बाद लगातार दो मैच जीतकर उन्होंने बेहतरीन वापसी की है। मुंबई-चेन्नई मुकाबला आज शाम 7.30 बजे से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में एक बार फिर पूर्व सीएसके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) पर टिकी रहेंगी। उनका वानखेड़े स्टेडियम में ये अंतिम आईपीएल मैच भी हो सकता है।

मुंबई और चेन्नई की प्रतिद्वंद्विता का इतिहास काफी पुराना रहा है। पिछले 16 सालों में इन दोनों टीमों के बीच कई ऐतिहासिक मुकाबले खेले जा चुके हैं। आइए जान लेते हैं कि इन दोनों टीमों का आमने-सामने का इतिहास क्या कहता है। दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 36 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें 20 बार मुंबई इंडियंस को जीत मिली है और 16 मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स को जीत मिली है। आज होने वाले मुकाबले में मुंबई इंडियंस की तरफ से रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के साथ-साथ कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) जैसे दिग्गजों से उम्मीदें रहेंगी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स में धोनी के अलावा रचिन रवींद्र (Rachin Ravindra), अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) और शिवम दुबे (Shivam Dube) जैसे स्टार्स पर नजरें रहेंगी।

चेन्नई-मुंबई मैच की पिच रिपोर्ट (CSK vs MI Pitch Report Today Match)

दो चैंपियन टीमों का मुकाबला आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना है जो कई ऐतिहासिक मैचों का गवाह बना है। यहां पर बल्लेबाज रन बनाएंगे और खूब बनाएंगे इसमें कोई दो राय नहीं है। साथ ही तेज गेंदबाजों का कहर भी इस ग्राउंड पर देखने को जरूर मिलेगा। इस मैदान का आईपीएल में औसत स्कोर 170 रन रहा है। पिछले दो मुकाबलों में इस मैदान पर खूब रन बने हैं इसलिए गेंदबाजों को बल्लेबाजों के आक्रमण से संभलकर रहना होगा जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को जसप्रीत बुमराह की पेस से संभलना होगा जिन्होंने पिछले मैच में यहां 5 विकेट झटके थे।

इस ग्राउंड पर चेन्नई और मुंबई के आंकड़े (CSK and MI Stats At Mumbai)

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच कई मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस मैदान पर उनके आंकड़े क्या कहते हैं आइए बताते हैं। दोनों टीमों के बीच यहां 11 बार आईपीएल मैच हुए हैं। इन मैचों में 7 बार मेजबान मुंबई की टीम ने जीत दर्ज की है। जबकि 4 बार चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी है। इस मैदान पर आखिरी बार दोनों टीमों की टक्कर पिछले आईपीएल सीजन में हुई थी जिसमें मुंबई ने चेन्नई को जीत के लिए 158 रनों का लक्ष्य दिया था। चेन्नई के बल्लेपबाजों ने ये लक्ष्य 18.1 ओवर में हासिल करके 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी। उस दिन अजिंक्य रहाणे ने 61 रनों की पारी खेलकर चेन्नई की जीत की नींव रखी थी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article