क्रिकेट

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकले ने विराट-कोंस्टास 'धक्का' विवाद पर दिया ये बयान

Virat-Konstas Controversy: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकले ने ऑस्ट्रेलिया के पदार्पण करने वाले युवा सैम कोंस्टास के साथ विराट कोहली की टक्कर की आलोचना करते हुए कहा कि क्रिकेट मैदान में शारीरिक टकराव की कोई जगह नहीं है।

Image

विराट-कोंस्टास विवाद (AP)

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकले ने ऑस्ट्रेलिया के पदार्पण करने वाले युवा सैम कोंस्टास के साथ विराट कोहली की टक्कर की आलोचना करते हुए कहा कि क्रिकेट मैदान में शारीरिक टकराव की कोई जगह नहीं है। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट के शुरूआती दिन बृहस्पतिवार को आस्ट्रेलियाई पारी के दसवें ओवर के बाद जब खिलाड़ी एक दूसरे के सामने से गुजर रहे थे तब कोहली और कोंस्टास के कंधे टकरा गए थे।

दोनों खिलाड़ियों ने पलटकर एक दूसरे को घूरकर देखा और कुछ बोले भी । इस बीच आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आकर दोनों को अलग किया । मैदानी अंपायरों ने भी दोनों से बात की। इस घटना के बाद भारतीय क्रिकेटर पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और उनके खाते में एक डिमैरिट अंक जोड़ा गया।

हॉकले ने ‘एसईएन रेडियो’ से कहा, ‘‘ यह देखकर बहुत अच्छा नहीं लग रहा था, मेरा मतलब है कि आप जानते हैं कि क्रिकेट के मैदान पर शारीरिक टकराव पूरी तरह से वर्जित है, इसलिए यह बहुत अच्छा नहीं था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि विराट ने आरोप स्वीकार करके स्पष्ट रूप से जिम्मेदारी ली है।’’

पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद कोंस्टास ने कहा कि कोहली जान बूझकर उनसे नहीं टकराये थे । उन्होंने कहा ,‘‘ विराट कोहली गलती से मुझसे टकराये थे । यह क्रिकेट है और तनाव में ऐसा हो जाता है ।’’ कोंस्टास ने दूसरे सत्र के दौरान चैनल 7 से कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि हम दोनों पर जज्बात हावी हो गए थे । मुझे समझ में ही नहीं आया । मैं अपने दस्ताने पहन रहा था कि अचानक उनका कंधा मुझसे टकराया । क्रिकेट में यह सब होता रहता है ।’’

आईसीसी की आचार संहिता के अनुसार क्रिकेट में किसी भी तरह का अनुचित शारीरिक संपर्क निषिद्ध है । अगर खिलाड़ी किसी दूसरे खिलाड़ी या अंपायर से टकराते हैं या कंधे लगाते हैं , चाहे जान बूझकर या अनजाने में तो इस नियम का उल्लंघन माना जायेगा ।

हॉकले ने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि यह (इस तरह के मामले में सजा) अधिकारियों के लिए है। मुझे यहां अधिकारियों का एक अनुभवी पैनल मिला है। यहां मुख्य बात यह है कि विराट ने इस घटना की जिम्मेदारी ले ली है।’’

ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ यह मैच रेफरी के लिए है, एक बहुत ही स्पष्ट नियम है और इसे अधिकारियों को तय करना है। मुझे लगता है कि यह सब सामान्य तरीके से किया गया है।’’

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article