Delhi News: त्योहार के सीजन से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत ओखला सब्जी मंडी में करीब 508 किलो मिलावटी पनीर बरामद होने के बाद उसे नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में विभाग की टीमों ने दिल्ली के अलग-अलग जिलों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के 22 नमूने भी लिए हैं। इन सभी नमूनों को जांच के लिए निर्धारित प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि ओखला मंडी से बरामद मिलावटी पनीर के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और उससे जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मिलावट को लेकर सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर सरकार की नीति 'जीरो टॉलरेंस’ की है। त्योहारों के दौरान पनीर, दूध से बने उत्पादों, मिठाइयों और खाद्य तेलों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मंत्री ने कहा कि त्योहार खुशियों और उत्सव का समय होते हैं और हर परिवार को सुरक्षित भोजन का अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने या खाद्य गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने साफ चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने हर जिले में विशेष टीमों को तैनात किया है। ये टीमें खाद्य प्रतिष्ठानों, बाजारों और खाद्य आपूर्ति केंद्रों की जांच कर रही हैं। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा। विभाग का फोकस सिर्फ मिलावटी खाद्य पदार्थों की पहचान और कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी खाद्य आपूर्ति श्रृंखला की निगरानी भी की जाएगी, ताकि असुरक्षित और घटिया उत्पाद बाजार तक पहुंचने से पहले ही रोके जा सकें। विभाग ने निर्माताओं, सप्लायरों, विक्रेताओं और खाद्य प्रतिष्ठानों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण, वितरण अथवा बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
