क्रिकेट

क्या एशेज सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे क्रिस वोक्स? अपनी फिटनेस पर दिया अपडेट

भारत के खिलाफ सीरीज के ओवल में खेले गए पांचवें और आखिरी टेस्ट में फील्डिंग करते हुए चोटिल होने वाले तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स ने अपनी फिटनेस पर अपडेट जारी करते हुए बताया है कि वो साल के अंत में होने वाली एशेज सीरीज तक फिट हो पाएंगे या नहीं?

Image

क्रिस वोक्स (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में क्रिस वोक्स चोटिल हो गए थे। 21 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज खेली जाएगी, जिससे पहले वोक्स ने अपनी रिकवरी को लेकर अपडेट दिया है। लंदन में टेस्ट मैच के दौरान क्रिस वोक्स के बाएं कंधे में इंजरी की समस्या हुई, जिसके बाद अंतिम दिन वह स्लिंग लगाकर बल्लेबाजी के लिए उतरे। यह ऐसा पल था जब इंग्लैंड जीत के बेहद करीब था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने मेजबान टीम पांचवें दिन मुकाबला गंवा बैठी। इसी के साथ सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई।

सर्जरी की फिलहाल नहीं है जरूरत

हालांकि, अब क्रिस वोक्स को स्लिंग की आवश्यकता नहीं है। वोक्स ने 'द हंड्रेड' के दौरान 'स्काई स्पोर्ट्स' से बात करते हुए कहा,'जाहिर है, मुझे अब स्लिंग की जरूरत नहीं है। मुझे लगता है कि अब मैं अपने कंधे को बेहतर तरीके से हिला सकता हूं। मैं रिहैब पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करूंगा। कंधे को जितना हो सके, उतना मजबूत बनाऊंगा। फिलहाल सर्जरी की जरूरत नहीं है, लेकिन देखते हैं कि आगे क्या होगा।' इससे पहले वोक्स ने बताया था कि वह चोट से उबरने के लिए सर्जरी और रिहैब में से किसी एक विकल्प पर विचार कर रहे हैं।

ऐसा रहा है वोक्स का करियर

क्रिस वोक्स ने भारत के खिलाफ पांच मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 52.18 की औसत के साथ 11 विकेट हासिल किए। इस पूरी सीरीज में दाएं हाथ के गेंदबाज ने कुल 181 ओवर गेंदबाजी करते हुए 1,086 रन दिए। क्रिस वोक्स के इंटरनेशनल करियर को देखें, तो उन्होंने 62 मुकाबलों में 29.61 की औसत के साथ 192 विकेट अपने नाम किए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम एक शतक और सात अर्धशतक के साथ 2,034 रन हैं। वहीं, 122 वनडे मुकाबलों में इस खिलाड़ी ने 173 विकेट अपने नाम किए, जबकि बल्ले से 1,524 रन जोड़े। क्रिस वोक्स ने इंग्लैंड की ओर से 33 टी20 मुकाबले भी खेले, जिसमें 26.52 की औसत के साथ 31 शिकार किए।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article