क्रिकेट

उम्मीद है वो मौके भुनाते रहेंगे...शुभमन गिल ने सीरीज जीत के बाद की यशस्वी जायसवाल की तारीफ

टीम इंडिया की अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की सीरीज में 3-0 के अंतर से कब्जा करने के बाद टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने तीसरे मैच में शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल की जमकर तारीफ की है।

Image

यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल

Photo : AP

चेन्नई: कप्तान शुभमन गिल ने शनिवार को उम्मीद जताई कि यशस्वी जायसवाल भारत की एकदिवसीय टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखेंगे। जायसवाल ने नाबाद 110 रन बनाए जिससे भारत को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी एकदिवसीय में नौ विकेट से शानदार जीत मिली। 50 ओवर के प्रारूप में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का यह दूसरा शतक था।

शानदार खिलाड़ी हैं जायसवाल

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने कहा,'हम सभी जानते हैं कि वह एक शानदार खिलाड़ी हैं और किसी भी खिलाड़ी के लिए (बाहर बैठना) आसान नहीं होता। अगर सभी खिलाड़ी उपलब्ध हों तो वह बदकिस्मत खिलाड़ी हैं जिन्हें कभी-कभी बाहर बैठना पड़ता है। उन्हें इस श्रृंखला में कुछ मैच मिले और आज उन्होंने बहुत अच्छा खेला। इसलिए उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे और उन्हें जो भी मौके मिलेंगे उन्हें भुनाते रहेंगे।'

विराट की वापसी के बाद स्थिति संभाल लेंगे यशस्वी

गिल ने श्रृंखला के आखिरी दो मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की जिससे कि जायसवाल को रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करने का मौका दिया जा सके। रोहित ने भी अपने युवा साथी के साथ 170 रन की साझेदारी करते हुए 79 रन की अहम पारी खेली। लेकिन जब विराट कोहली टीम में लौटेंगे तो गिल को पारी का आगाज करने के लिए लौटना होगा और तीसरे नंबर की जगह इस अनुभवी बल्लेबाज को देनी होगी।

रोहित ने भी यहां रन बनाए हैं इसलिए हो सकता है कि जायसवाल को एक बार फिर बाहर बैठना पड़े।

गिल ने कहा कि जब भी ऐसी स्थिति आएगी वह उसे संभाल लेंगे। उन्होंने कहा,'सभी खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन करना अच्छी बात है और मुझे लगता है कि (इंग्लैंड श्रृंखला के लिए) टीम का ऐलान कल या अगले कुछ दिन में हो जाएगा। तो हम टीम देखेंगे और इंग्लैंड में अपनी सबसे अच्छी 11 खिलाड़ियों की टीम उतारेंगे।'

गुरनूर को मिल सकता है इंग्लैंड दौरे के लिए मौका

युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच में सात विकेट लेकर इंग्लैंड जाने वाली टीम में शामिल होने के लिए मजबूत दावेदारी पेश की। गिल ने कहा,'मुझे लगता है कि उन्होंने अधिकतर जरूरी चीजें पूरी कीं। लेकिन कुछ चीजें ऐसी हैं जो वे अनुभव के साथ सीखेंगे और उम्मीद है कि एक गेंदबाज के तौर पर वे और बेहतर होते जाएंगे। अगर मैं थोड़ी आलोचना करूं तो उन्होंने थोड़े अधिक रन दिए। वे कभी-कभी थोड़े अस्थिर भी रहे। लेकिन वे शीर्ष स्तर पर अपनी पहली श्रृंखला खेल रहे हैं और तेज गेंदबाजी कर रहे हैं। उनमें वे सभी अच्छे गुण हैं जो हम एक युवा, लंबे, तेज गेंदबाज से चाहते हैं और अनुभव के साथ वे और बेहतर ही होंगे।'

हर्ष दुबे हैं क्षमतावान खिलाड़ी

गिल को बाएं हाथ के युवा स्पिनर हर्ष दुबे में भी काफी क्षमता दिखती है। भारतीय कप्तान ने कहा,'अगर हम ऑलराउंडर और विशेषकर बाएं हाथ के ऑलराउंडर के पूल को देखें तो मुझे लगता है कि यह एक अच्छा विकल्प है। हमारे पास अक्षर (पटेल) और दुबे हैं तो हमारे पास एक अच्छा पूल है और वे बहुत युवा हैं। जब हम उनके जैसे ऑलराउंडर को देखते हैं तो यह जरूरी है कि हमें ऐसे खिलाड़ियों पर भरोसा हो।'

अफगानिस्तान का प्रदर्शन नहीं था अच्छा

अफगानिस्तान के कोच रिचर्ड पाइबस बल्लेबाजों के प्रदर्शन से निराश थे क्योंकि कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के पहले एकदिवसीय शतक के बावजूद टीम 218 रन पर ऑलआउट हो गई। पाइबस ने कहा,'यह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं था और इस विकेट पर हमें कम से कम 300 रन की जरूरत थी। उम्मीद है कि जब हम इस साल के आखिर में टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए यहां वापस आएंगे, तो हम उन कमियों को सुधार पाएगे जो इस बार रह गई थीं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article