क्रिकेट

IND vs AUS: ब्रेट ली ने रोहित-विराट को दी सलाह, तकनीक पर करना होगा काम

India vs Australia: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली बॉर्डर-गावस्कर सीरीज को लेकर हर तरफ चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा पर भी निगाहें रहेगी जो कि खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। इसी बीच ब्रेट ली ने दोनों दिग्गजों को सलाह दी है।

Image

विराट कोहली रोहित शर्मा (फोटो- ICC)

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की श्रृंखला से पहले भारत के कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को सलाह दी है कि वे अपनी तकनीक पर काम करने के साथ रीसेट बटन दबाएं ।बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट श्रृंखला का आगाज पर्थ में 22 नवंबर से होगा।

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की हालिया टेस्ट श्रृंखला में लचर प्रदर्शन के बाद इन दोनों बल्लेबाजों के ऑस्ट्रेलिया में पांच मैचों की श्रृंखला में प्रदर्शन पर नजर रहेगी। न्यूजीलैंड ने भारत को 3-0 से शिकस्त दी थी।ली ने एक ‘यूट्यूब चैनल’ पर कहा कि 'जब आप एक के बाद एक खराब प्रदर्शन करते हैं, तो दबाव बढ़ जाता है। इसलिए, मुझे लगता है कि अब बात यह है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी को फिर से कड़ा अभ्यास करना होगा।'

विराट और रोहित हैं चैंपियन खिलाड़ी

ब्रेट ली ने आगे कहा कि 'वे चैम्पियन खिलाड़ी है क्योंकि वे मूल चीजों को दूसरे से बेहतर तरीके से करते है। उन्हें बस फिर से लय हासिल करने की जरूरत है।ली ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नयी गेंद से रोहित और कोहली के खिलाफ आक्रामक रूख अपनायेंगे ऐसे में इन दोनों को इससे निपटने का तरीका ढूंढना होगा।उन्होंने कहा -'(उन्हें) अपनी तकनीक पर काम करना चाहिए, तरोताजा होना चाहिए, जितना हो सके क्रिकेट से दूर रहना चाहिए और फिर ऑस्ट्रेलिया पहुंच कर पूरा अभ्यास करना चाहिये। मैं यह दावे के साथ कह सकता हूं कि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नई गेंद से रोहित के खिलाफ बेहद आक्रामक रवैया अपनायेंगे।'

रोहित के फॉर्म में इसीलिए आ रही गिरावट

रोहित ने इस साल 11 टेस्ट में 29.40 की औसत से 588 रन बनाये है जबकि कोहली ने छह टेस्ट में 22.72 की औसत से सिर्फ 250 रन बनाये हैं।ली ने हालांकि माना कि रोहित की बल्लेबाजों के प्रदर्शन में गिरावट का एक कारण तेजी से रन बनाने की कोशिश करना भी है।उन्होंने कहा कि 'मैं यह नहीं कह सकता कि उनकी बल्लेबाजी में तकनीकी खराबी है या नहीं । मैं उन्हें पिछले एक दशक से देख रहा हूं। मेरा मानना है कि वह मौजूदा समय में सबसे अच्छा पुल शॉट खेलते है, शायद वह थोड़ा आक्रामक रूख अपना रहे हैं।'

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article