भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने भारतीय टीम के 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि विश्व कप की तैयारी पहले ही शुरू हो चुकी है। बोर्ड को इसका आभास है और इसके लिए वो टीम के विकास और स्ट्रेटजी को प्राथमिकता दे रहा है। आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 अस्थायी रूप से 4 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की अगुवाई में खेले जाएंगे। तारीख को लेकर मई में अहमदाबाद में हुई आईसीसी बोर्ड की बैठक के दौरान सहमति बनी थी।
जुलाई में एडिनबर्ग में होने वाली आईसीसी की वार्षिक आम बैठक में इस पर आधिकारिक मुहर लग जाएगी। बीसीसीआई ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह सीरीज 16 जुलाई से शुरू होगी।
"बीसीसीआई अक्टूबर-नवंबर में होने वाले 2027 वनडे विश्व कप तक का एक कार्यक्रम तैयार कर रही है, और तब तक हमारे पास पर्याप्त मैच हैं। हमने 14 से 19 जुलाई तक इंग्लैंड में होने वाले 3 वनडे मैचों के लिए टीम की घोषणा कर दी है... चयनकर्ता, सपोर्ट स्टाफ और हेड कोच सभी टीम में शामिल हो चुके हैं,"
2003 के बाद अफ्रीका में दोबारा वनडे वर्ल्ड कप होने जा रहा है। हालांकि, इस बीच दक्षिण अफ्रीका 2007 टी20 विश्व कप, 2009 चैंपियंस ट्रॉफी और 2023 महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी कर चुका है। जिम्बाब्वे और नामीबिया ने हाल ही में अंडर-19 पुरुष विश्व कप की सह-मेजबानी की।
पिछले दो वर्ल्ड कप में 10 टीमें थीं, लेकिन इस बार टूर्नामेंट में 14 टीमें होंगी। टीमों को सात-सात टीमों के दो समूहों में बांटा जाएगा और प्रत्येक समूह से शीर्ष तीन टीमें सुपर सिक्स चरण में पहुंचेंगी। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे, पूर्ण सदस्य होने के नाते, क्वालीफाई कर चुकी है जबकि नामीबिया को क्वालीफायर से गुजरना होगा।
