क्रिकेट

BCCI की बैठक में दो बड़े फैसले, Impact Player का नियम यहां भी होगा लागू और एशियाड में जाएगी टीम इंडिया

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 7, 2023, 03:37 PM IST

BCCI Meeting, Impact Player rule, Asian Games 2023: आईपीएल का चर्चित ‘इंपैक्ट प्लेयर’ नियम 16 अक्टूबर से शुरु होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्राफी में इस्तेमाल किया जायेगा। बीसीसीआई की शीर्ष परिषद ने शुक्रवार को इसे मंजूरी दी। वहीं एशियन गेम्स 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम की भागीदारी को हरी झंडी मिल गई है।

Image

बीसीसीआई

Photo : Twitter

BCCI Meeting: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का चर्चित ‘इंपैक्ट प्लेयर’ (Impact Player) नियम 16 अक्टूबर से शुरु होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्राफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) में इस्तेमाल किया जायेगा। बीसीसीआई (BCCI) की शीर्ष परिषद ने शुक्रवार को इसे मंजूरी दी। ‘इंपैक्ट प्लेयर’ नियम पिछले सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्राफी में शुरु हुआ था लेकिन खिलाड़ी को 14वें ओवर में या इससे पहले लाना होता था और उसका नाम टॉस से पहले बताना होना था।

हालांकि यह अगले सत्र से बदल जायेगा और वैसा ही इस्तेमाल होगा जैसा आईपीएल में होता है, टीमों को टॉस से पहले अंतिम एकादश के अलावा चार स्थानापन्न खिलाड़ियों के नाम तय करने की अनुमति भी दी जायेगी। प्रत्येक टीम इन चार स्थानापन्न खिलाड़ियों में से केवल एक को ही ‘इंपैक्ट प्लेयर’ के तौर पर इस्तेमाल कर सकती है।

बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) की शीर्ष परिषद की शुक्रवार को मुंबई में हुई बैठक में इस नियम को मंजूरी दी गयी। नियम के एक दिशानिर्देश के अनुसार, ‘‘दोनों टीमों को प्रत्येक मैच में एक ‘इंपैक्ट प्लेयर’ का इस्तेमाल करने की अनुमति होगी। यह हालांकि अनिवार्य नहीं है।’’

एशियन गेम्स के लिए मंजूरी

शीर्ष परिषद ने सितंबर-अक्टूबर में हांगझोउ (Guangzhou) एशियाई खेलों (Asian Games 2023) के लिए पुरुष और महिला टीमों की भागीदारी भी मंजूर कर दी है। पुरुष स्पर्धा 28 सितंबर से शुरु होगी जिसमें दोयम दर्जे की भारतीय टीम हिस्सा लेगी जबकि 19 सितंबर से शुरु हो रही महिलाओं की स्पर्धा में मुख्य टीम शिरकत करेगी। क्रिकेट एशियाड इतिहास में केवल तीन बार ही खेला गया है और पिछली बार यह इंचियोन में 2014 में आयोजित हुआ था जिसमें भारत ने हिस्सा नहीं लिया था।

यह प्रतियोगिता पांच अक्टूबर से शुरु हो रहे पुरुष वनडे विश्व कप के साथ ही आयोजित हो रही है। बीसीसीआई ने एक नोट में कहा कि व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए एशियाई खेलों के लिये टीम उतारना एक चुनौती होगी लेकिन राष्ट्र के लिए खेलना भी महत्वपूर्ण है और चुनौतियों से उबरते हुए दोनों वर्गों में भारतीय टीम खेलेगी। भारत पुरुष और महिला वर्ग दोनों में स्वर्ण पदक जीतने का प्रबल दावेदार है।

End of Article