Shreyas Iyer injury update: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्टार बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर की चोट पर अपना दूसरा मेडिकल अपडेट जारी किया है। अय्यर को 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान बड़ी लगी थी। बीसीसीआई के अनुसार, अय्यर की हालत अब स्थिर है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं।
बीसीसीआई ने अपनी आधिकारिक घोषणा में चोट की गंभीरता का खुलासा किया। बोर्ड ने बताया कि, "श्रेयस अय्यर को 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान पेट में एक भारी चोट लगी, जिसके परिणामस्वरूप उनकी प्लीहा (Spleen) में कट आ गया और आंतरिक रक्तस्राव शुरू हो गया।"
ऐसे लगी चोट
यह चोट उस समय लगी जब श्रेयस बैकवर्ड पॉइंट से पीछे की ओर दौड़ते हुए एलेक्स कैरी का एक शानदार कैच पूरा करने की कोशिश में जमीन पर बुरी तरह गिर पड़े। गिरने के प्रभाव से ही उनके प्लीहा में यह गंभीर चोट आई।
बीसीसीआई का बड़ा अपडेट
बीसीसीआई ने राहत की खबर देते हुए बताया कि चोट को तुरंत पहचान लिया गया और रक्तस्राव को तत्काल रोक दिया गया। बोर्ड ने कहा, "उनकी हालत अब स्थिर है, और वह लगातार निगरानी में हैं।"सबसे सकारात्मक अपडेट यह है कि 28 अक्टूबर (मंगलवार) को दोबारा किए गए स्कैन में 'महत्वपूर्ण सुधार' देखने को मिला है। बीसीसीआई ने जोड़ा, "एक बार फिर से किया गया स्कैन महत्वपूर्ण सुधार दिखा रहा है, और श्रेयस अब रिकवरी की राह पर हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम, सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के परामर्श से, उनकी प्रगति पर नजर बनाए रखेगी।"
चोट की गंभीरता को देखते हुए, अय्यर को तुरंत सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, चोट के लिए उनकी सर्जरी भी हुई है। एक भारतीय टीम डॉक्टर उनकी दैनिक प्रगति का आकलन करने के लिए सिडनी में उनके साथ मौजूद हैं।
सूर्यकुमार यादव ने अय्यर से की बात
भारत के टी20ई कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी श्रेयस की चोट पर बात की और बताया कि उन्होंने अपने फिजियो कमलेश जैन से उनका हालचाल जाना था। सूर्यकुमार ने कहा कि अय्यर अब फोन पर जवाब दे रहे हैं, जिसका मतलब है कि वह स्थिर हैं।सूर्यकुमार ने कहा, "जब मुझे उनकी चोट के बारे में पता चला, तो मैंने अपडेट लेने के लिए हमारे फिजियो कमलेश जैन को फोन किया। अय्यर अब फोन पर जवाब दे रहे हैं, जिसका मतलब है कि वह स्थिर हैं। डॉक्टर उनके साथ हैं, वह लोगों से बात भी कर रहे हैं, इसलिए यह अच्छा संकेत है।"
उन्होंने भावनात्मक लहजे में कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसा हुआ, और ऐसे मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं। लेकिन दुर्लभ प्रतिभा के साथ दुर्लभ चीजें होती हैं, जैसे श्रेयस अय्यर। ईश्वर की कृपा से सब कुछ ठीक है। साथ ही ले जाएंगे उसको घर।'
