Rohit Sharma World Cup 2027: साउथ अफ्रीका में अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले बीसीसीआई की टेंशन बढ़ गई है। BCCI के टेंशन की वजह रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या की फिटनेस है। मंगलवार को जब अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे और एक टेस्ट के लिए चयन समिति की बैठक हुई तो रोहित और हार्दिक की फिटनेस को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, अफगानिस्तान के खिलाफ भले ही 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए रोहित और हार्दिक को टीम में तो चुना गया हो, लेकिन उनकी फिटनेस सबसे बड़ा सवाल है। बीसीसीआई को शक है कि रोहित और हार्दिक 50 ओवर का मैच पूरा दम लगाकर खेल पाएंगे या नहीं।
रोहित को लेकर क्या है BCCI की चिंता?
रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग चोट के कारण IPL में तीन हफ्ते तक नहीं खेले। इस दौरान वह बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में फिटनेस टेस्ट के लिए भी नहीं गए। बीसीसीआई के एक अधिकारी के अनुसार, भले ही रोहित अब पहले से पतले हो गए हैं, लेकिन 40 की उम्र के करीब होने की वजह से उनका शरीर हाई-लेवल क्रिकेट का दबाव झेल पाएगा या नहीं, इसे लेकर बड़ा सवाल है। दरअसल, वनडे में 50 ओवर फील्डिंग करनी होती है और यहां आईपीएल की तरह इम्पैक्ट प्लेयर का भी ऑप्शन नहीं है। चयनकर्ताओं ने रोहित की फिटनेस रिपोर्ट मांगी है। टीम को डर है कि अगर रोहित वर्ल्ड कप तक फिट नहीं रहे, तो ओपनिंग का क्या होगा? उनके बैकअप के तौर पर यशस्वी जायसवाल को भी तैयार नहीं माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने ज्यादा वनडे मैच नहीं खेला है। इसलिए ईशान किशन को बैकअप ओपनर के तौर पर रखा गया है।
हार्दिक पंड्या का मामला
हार्दिक 2 मई के बाद से मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेले हैं। चेन्नई में मैच के बाद उन्होंने पीठ दर्द बताया था। वे अभी रिलायंस के सेंटर और वानखेड़े में प्रैक्टिस कर रहे हैं। भले ही वह टीम से तो जुड़ गए हैं, लेकिन यह साफ नहीं है कि वह अपनी फिटनेस कैसे साबित करेंगे। चयनकर्ता इस बात से परेशान हैं कि हार्दिक 10 ओवर गेंदबाजी नहीं कर रहे। जनवरी में भी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 ओवर फेंकने के लिए फिट नहीं माना था। हालांकि 5 दिन बाद ही उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में बड़ौदा के लिए 10 ओवर डाले थे। उनकी जगह पर बीसीसीआई अब नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा को ऑलराउंडर के तौर पर तैयार कर रही है।
रोहित और विराट अलग-अलग
बीसीसीआई अब रोहित और विराट कोहली को एक जैसा नहीं मान रही है। सूत्रों का कहना है कि कोहली की फिटनेस और फॉर्म अभी टीम के बाकी खिलाड़ियों से बेहतर है। इसलिए रोहित पर फैसला बीसीसीआई की मेडिकल टीम से बात करके ही लिया जाएगा। साल 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर कप्तानी छोड़ने के बाद से रोहित का खेलने का अंदाज भी बदल गया है। वे पहले की तरह आक्रामक बल्लेबाजी नहीं कर रहे, जिससे टीम मैनेजमेंट खुश नहीं है।
